ग्रेटर नोएडा: एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत का राज़ वॉयस नोट से खुला, तीन रिश्तेदार गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा इलाके में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध मौत के मामले में एक अहम वॉयस नोट के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, यह मामला…
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा इलाके में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध मौत के मामले में एक अहम वॉयस नोट के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, यह मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा है, जिसके चलते परिवार को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। गिरफ्तार किए गए लोगों में मृतक महेश की बड़ी बहन, छोटी बहन और बहनोई शामिल हैं।
यह दिल दहला देने वाली घटना नगला पदम गांव की है, जहां शनिवार को महेश, उनकी पत्नी ललिता और तीन बच्चों के शव उनके घर से बरामद हुए थे। पुलिस को जांच के दौरान महेश के मोबाइल फोन से एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली, जिसे उन्होंने अपनी मृत्यु से ठीक पहले रिकॉर्ड किया था। इस वॉयस नोट में उन्होंने अपनी बड़ी बहन सुनीता, बहनोई शेखर और छोटी बहन सपना को इस पूरी घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
संपत्ति विवाद और प्रताड़ना के आरोप
पुलिस जांच में सामने आया है कि पूरा विवाद एक मकान को लेकर था। मृतक महेश के साले ने थाना रबूपुरा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बहन के परिवार को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोपों के अनुसार, दोनों बहनें और बहनोई मिलकर महेश की मां को भड़का रहे थे ताकि संपत्ति अपने नाम करा सकें और इसी वजह से महेश और उसकी पत्नी को तंग किया जा रहा था। इसी तहरीर के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया था।
पोस्टमार्टम और जांच की स्थिति
शवों की पोस्टमार्टम जांच में जहर के लक्षण मिले हैं। डॉक्टरों ने मौत के सटीक कारण का पता लगाने के लिए सभी पांच मृतकों के आंतरिक अंगों के नमूने आगे की जांच के लिए सुरक्षित रख लिए हैं। जानकारी के अनुसार, परिवार ने कथित तौर पर अपनी आखिरी रात चाय और नूडल्स का सेवन किया था। अधिकारियों ने बताया है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह पूरी तरह साफ हो पाएगी। फिलहाल, पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
इनपुट: IANS



