प्रज्वल रेवन्ना की जेल सेल से जब्त फोन में सैकड़ों वीडियो, FSL रिपोर्ट में अश्लील क्लिप की पुष्टि
बेंगलुरु सेंट्रल जेल में रेप के मामले में बंद पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना की कोठरी से जब्त मोबाइल फोन में सैकड़ों वीडियो फाइलें मिली हैं, जिनमें कई अश्लील क्लिप भी शामिल हैं। समाचार एजेंसी IANS के…
बेंगलुरु सेंट्रल जेल में रेप के मामले में बंद पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना की कोठरी से जब्त मोबाइल फोन में सैकड़ों वीडियो फाइलें मिली हैं, जिनमें कई अश्लील क्लिप भी शामिल हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (FSL) को जांच के लिए भेजे गए इस फोन की रिपोर्ट आ गई है, जिसमें इन वीडियो की मौजूदगी की पुष्टि की गई है।
यह मोबाइल फोन 11 अगस्त को परप्पना अग्रहारा स्थित सेंट्रल जेल में हुई छापेमारी के दौरान बरामद किया गया था। प्रज्वल और उसी सेल में बंद एक अन्य कैदी प्रताप राय ने डिवाइस का पासवर्ड देने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद इसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया।
FSL जांच में क्या सामने आया?
पुलिस के मुताबिक, FSL जांच में फोन के अंदर कुल 173 फाइलें मिली हैं। इनमें से तीन अश्लील वीडियो सीधे तौर पर प्रज्वल रेवन्ना से जुड़े पाए गए। इसके अलावा, डिवाइस में कन्नड़, हिंदी और अंग्रेजी फिल्मों के क्लिप, वेब सीरीज और कई अन्य अश्लील वीडियो भी स्टोर किए गए थे। जांच अधिकारियों ने 150 से अधिक वीडियो वाली एक पेन ड्राइव भी बरामद की है, जिसकी सामग्री की भी जांच की जा रही है।
जेल से वीडियो कॉल और संपर्क की जांच
अब पुलिस फोन के कम्युनिकेशन रिकॉर्ड को खंगाल रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि इस डिवाइस का इस्तेमाल कथित तौर पर कई महिलाओं को वीडियो और वॉट्सऐप कॉल करने के लिए किया गया था। IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस विशेष रूप से उन महिलाओं को की गई कॉल्स की जांच कर रही है, जो गिरफ्तारी से पहले प्रज्वल के साथ अश्लील वीडियो में नजर आई थीं। सूत्रों ने बताया है कि कुछ महिलाओं को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया जा सकता है।
यह भी सामने आया है कि प्रज्वल जेल से नियमित रूप से कई लोगों के संपर्क में था, जिसमें परिवार के सदस्यों और वकील से बात करना भी शामिल है।
कैसे सामने आया पूरा मामला?
यह मामला तब उजागर हुआ जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें प्रज्वल रेवन्ना कथित तौर पर जेल के अंदर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते दिखे थे। इसी वीडियो के आधार पर 11 अगस्त को जेल में तलाशी ली गई और फोन जब्त हुआ। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह फोन हाई-सिक्योरिटी जेल के अंदर कैसे पहुंचा। शुरुआती जांच एक जेल वार्डर की भूमिका की ओर इशारा कर रही है, जिस पर प्रज्वल को फोन मुहैया कराने का शक है।
इनपुट: IANS



