चेन्नई: झील में मिले चार लापता बच्चों के शव, शनिवार दोपहर से थे गायब
चेन्नई के पास तिरुनीर्मलाई झील में रविवार को चार बच्चों के शव तैरते मिलने से मातम छा गया। ये वही बच्चे थे जो शनिवार दोपहर से अपने घरों से लापता थे। इस दर्दनाक घटना ने क्रोमपेट के लक्ष्मीपुरम इलाके को…
चेन्नई के पास तिरुनीर्मलाई झील में रविवार को चार बच्चों के शव तैरते मिलने से मातम छा गया। ये वही बच्चे थे जो शनिवार दोपहर से अपने घरों से लापता थे। इस दर्दनाक घटना ने क्रोमपेट के लक्ष्मीपुरम इलाके को झकझोर कर रख दिया है, जहाँ ये सभी बच्चे कृष्णा स्ट्रीट पर रहते थे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों में दो लड़कियां और दो लड़के शामिल हैं।
पुलिस ने मृतकों की पहचान 13 वर्षीय पूजा, 13 वर्षीय खुशी, 12 वर्षीय के. देवदर्शन और 10 वर्षीय डी. युवनेश के रूप में की है। जानकारी के अनुसार, पूजा और खुशी एक सरकारी स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ती थीं, जबकि देवदर्शन उसी स्कूल में सातवीं का छात्र था। युवनेश एक निजी स्कूल में छठी कक्षा में पढ़ता था।
लापता होने से लेकर शव मिलने तक
बच्चों को आखिरी बार शनिवार दोपहर को उनके घरों के पास एक साथ खेलते हुए देखा गया था। जब वे देर तक घर नहीं लौटे, तो उनके परिवारों ने बेचैनी में उनकी तलाश शुरू कर दी। माता-पिता ने रिश्तेदारों और दोस्तों से संपर्क किया और स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुपों में बच्चों की तस्वीरें साझा कर लोगों से मदद की अपील की।
जब रात तक बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला, तो दोनों लड़कों के माता-पिता ने क्रोमपेट पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तांबरम, एग्मोर और चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशनों के साथ-साथ केलंबक्कम बस टर्मिनस को भी सतर्क कर दिया था, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं बच्चे शहर से बाहर तो नहीं गए।
जांच में जुटी पुलिस
रविवार को यह खोज एक दुखद अंत पर पहुंची, जब तिरुनीरमलाई पेरिया एरी झील के पास घूमने आए कुछ लोगों ने पानी में चार शव देखे और तुरंत अधिकारियों को सूचित किया। पुलिस और तमिलनाडु अग्निशमन एवं बचाव सेवा के कर्मी मौके पर पहुंचे और शवों को बाहर निकाला। किनारे पर परिवार के सदस्यों ने बच्चों की पहचान की, जिसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए तांबरम जिला सरकारी अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बच्चे झील तक कैसे पहुंचे और किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि वे कीचड़ में फंसने के कारण डूब गए होंगे, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा।
इनपुट: IANS



