आंध्र और तेलंगाना में दो अलग-अलग हादसों में 8 लोगों की मौत, ट्रेन और सड़क दुर्घटना ने ली जान
आंध्र प्रदेश और पड़ोसी राज्य तेलंगाना में शनिवार देर रात और रविवार तड़के हुए दो अलग-अलग हादसों में कुल आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहला हादसा आंध्र प्रदेश के एलुरु जिले में हुआ, जहां एक ट्रेन की चप
आंध्र प्रदेश और पड़ोसी राज्य तेलंगाना में शनिवार देर रात और रविवार तड़के हुए दो अलग-अलग हादसों में कुल आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहला हादसा आंध्र प्रदेश के एलुरु जिले में हुआ, जहां एक ट्रेन की चपेट में आने से चार लोगों की जान चली गई। वहीं, दूसरा हादसा तेलंगाना के नलगोंडा जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना के रूप में सामने आया।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, आंध्र प्रदेश की घटना एलुरु जिले के उंगुटुर मंडल स्थित चेब्रोल के पास शनिवार देर रात हुई। चेरलापल्ली-शालीमार स्पेशल ट्रेन की चपेट में आने से एक पुरुष और तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए, जिससे उनकी पहचान करना एक बड़ी चुनौती बन गया है।
पुलिस को आत्महत्या का संदेह
ताडेपल्लीगुडेम सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने आशंका जताई है कि यह एक सामूहिक आत्महत्या का मामला हो सकता है। मृतकों की उम्र 30 से 35 साल के बीच बताई जा रही है। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से शेख हसीना नाम का एक एटीएम कार्ड, ताडेपल्लीगुडेम आरटीसी डिपो की बाइक पार्किंग की रसीद और दो टूटे हुए मोबाइल फोन मिले हैं। पुलिस अब सिम कार्ड से डेटा निकालकर मृतकों की पहचान की कोशिश कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए ताडेपल्लीगुडेम क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया गया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
तेलंगाना में सड़क हादसे में भी 4 की मौत
इसी तरह, तेलंगाना के नलगोंडा जिले में रविवार तड़के हैदराबाद-विजयवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार और बस की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। यह हादसा चिट्याल मंडल के पेड्डाकापर्थी गांव के पास हुआ, जब एक निजी ट्रैवल बस ने एक कार को पीछे से टक्कर मार दी।
पुलिस के मुताबिक, कार में सवार एक ही परिवार के तीन सदस्य और उनके एक मित्र की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में वीवी प्रसाद की पत्नी, बेटा और बेटी शामिल हैं, जबकि कार चला रहे प्रसाद खुद गंभीर रूप से घायल हो गए। यह परिवार चेन्नई से हैदराबाद लौट रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई, और शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभी पीड़ित मूल रूप से आंध्र प्रदेश के काकीनाडा के रहने वाले थे और हैदराबाद में रहते थे। इस दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हुआ।
इनपुट: IANS



