मिजोरम में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 8.5 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ जब्त, 4 तस्कर गिरफ्तार
मिजोरम में सुरक्षा बलों ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। तीन अलग-अलग अभियानों में 8.54 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की ड्रग्स जब्त की गई है और एक म्यांमार नागरिक सहित चार…
मिजोरम में सुरक्षा बलों ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। तीन अलग-अलग अभियानों में 8.54 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की ड्रग्स जब्त की गई है और एक म्यांमार नागरिक सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इन कार्रवाइयों में भारी मात्रा में मेथामफेटामाइन गोलियां और हेरोइन बरामद हुई है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में पड़ोसी देश म्यांमार का एक नागरिक, असम के दो निवासी और मिजोरम का एक स्थानीय व्यक्ति शामिल है। पुलिस ने सभी मामलों में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट, 1985 के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
पहली कार्रवाई: 7.8 करोड़ की मेथ गोलियां जब्त
मिजोरम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने रंगरूट कांस्टेबलों की मदद से एक ट्रक को रोककर यह सबसे बड़ी बरामदगी की। ट्रक चम्फाई से आइजोल की ओर जा रहा था, जब उसकी तलाशी में 9.796 किलोग्राम वजन की मेथामफेटामाइन गोलियों के 10 बंडल मिले। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत 7.83 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने ट्रक चालक वनलालरुत्साका (32) को हिरासत में ले लिया है, जो चम्फाई जिले का रहने वाला है।
दूसरी और तीसरी कार्रवाई: साबुन की डिब्बियों में हेरोइन
एक अन्य अभियान में, स्पेशल नारकोटिक्स पुलिस स्टेशन की टीम ने जेमाबॉक इलाके में दो संदिग्धों को पकड़ा। उनकी पहचान असम के कछार जिले के हुसैन अहमद लस्कर (23) और नूर अहमद लस्कर (34) के रूप में हुई है। वे साबुन की 20 डिब्बियों में 241.21 ग्राम हेरोइन छिपाकर ले जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर नशीले पदार्थों की ढुलाई में इस्तेमाल हो रही एक महिंद्रा बोलेरो पिक-अप वैन भी जब्त कर ली है।
तीसरे ऑपरेशन में, एसटीएफ ने चम्फाई के खानकॉन चेक गेट पर आइजोल जा रही एक गाड़ी से 118 ग्राम हेरोइन बरामद की। यह ड्रग साबुन के 10 केसों में छिपाई गई थी, जिसकी कीमत करीब 23.60 लाख रुपये है। इस मामले में म्यांमार के ताहान निवासी वनलालमुआना (27) को गिरफ्तार किया गया है।
इनपुट: IANS



