अदाणी ग्रुप ओडिशा में लगाएगा 1.08 लाख करोड़ का एल्युमिनियम प्लांट, कहा- यह पूर्वी भारत के विकास का केंद्र
अदाणी ग्रुप ने ओडिशा में एक विशाल एल्युमिनियम प्लांट स्थापित करने की घोषणा की है, जिसमें इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (IHC) के साथ मिलकर 11.5 अरब डॉलर (लगभग 1.08 लाख करोड़ रुपए) का निवेश किया जाएगा। इस बड
अदाणी ग्रुप ने ओडिशा में एक विशाल एल्युमिनियम प्लांट स्थापित करने की घोषणा की है, जिसमें इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (IHC) के साथ मिलकर 11.5 अरब डॉलर (लगभग 1.08 लाख करोड़ रुपए) का निवेश किया जाएगा। इस बड़े ऐलान के मौके पर अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (APSEZ) के मैनेजिंग डायरेक्टर करण अदाणी ने ओडिशा को पूर्वी भारत के आर्थिक विकास का केंद्र बताया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, गुरुवार को एक संबोधन में उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट भारत की औद्योगिक प्रगति की अगली लहर का नेतृत्व करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
करण अदाणी ने कहा कि ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी "ओडिशा में सिर्फ संसाधन ही नहीं, बल्कि मजबूती भी देखते हैं।" उन्होंने राज्य की औद्योगिक क्षमता और प्राकृतिक संपदा की भूमिका पर जोर दिया।
क्यों खास है ओडिशा?
करण अदाणी ने ओडिशा की विशिष्ट स्थिति को रेखांकित करते हुए कहा कि यह एक ऐसी जगह है जहाँ पुरानी विरासत और आधुनिक उम्मीदें एक साथ मिलती हैं। उन्होंने बताया, "ओडिशा में खनिज संसाधन भरपूर हैं और यह देश की औद्योगिक रीढ़ को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है। इस राज्य में बॉक्साइट का सबसे बड़ा भंडार है, भारत के लौह अयस्क भंडार का 50 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा यहीं है; और यहां कोयले का भी काफी भंडार है, जो बिजली और औद्योगिक विकास में मदद करता है।"
'विकसित ओडिशा' का विजन
करण अदाणी के मुताबिक, यह निवेश सिर्फ एक फैक्ट्री लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका लक्ष्य 'विकसित भारत' के संकल्प को पूरा करने के लिए 'विकसित और समृद्ध ओडिशा' का निर्माण करना है। उन्होंने कहा, "इस तरह के प्रोजेक्ट उस विजन की नींव हैं, जिसमें एक विकसित भारत के लिए 2036 तक विकसित ओडिशा और समृद्ध ओडिशा की जरूरत होगी।"
उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि मजबूत सरकारी नीतियों के समर्थन से ओडिशा अब सिर्फ कच्चे माल का सप्लायर नहीं, बल्कि एक 'वैल्यू-एडेड मैन्युफैक्चरिंग हब' बनने की राह पर है। करण अदाणी ने स्पष्ट किया कि इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देना और उद्यमियों को सहयोग देकर ओडिशा को वैश्विक मंच पर स्थापित करना है।
इनपुट: IANS



