यूरोप में हवाई यात्रा पर बम की धमकियों का साया, कई देशों में उड़ानें हुईं प्रभावित
यूरोप में गुरुवार को हवाई यात्रा पर उस वक्त संकट के बादल छा गए जब एक के बाद एक कई उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इन धमकियों के कारण आयरलैंड से इटली जा रही एक…
यूरोप में गुरुवार को हवाई यात्रा पर उस वक्त संकट के बादल छा गए जब एक के बाद एक कई उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इन धमकियों के कारण आयरलैंड से इटली जा रही एक फ्लाइट को फ्रांस में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी, जबकि चेक गणराज्य, बुल्गारिया और फिनलैंड में भी कई विमान प्रभावित हुए।
सबसे प्रमुख घटना आयरलैंड के डबलिन से रोम जा रही 'एर लिंगस' की उड़ान में हुई। बम की धमकी मिलने के बाद विमान का रास्ता बदल दिया गया और उसे फ्रांस के एवरो हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया। फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने पुष्टि की कि विमान में सवार सभी 151 यात्रियों और चालक दल के 6 सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। फ्रांसीसी वायुसेना ने बताया कि सूचना मिलते ही उसके लड़ाकू जेट विमानों को तुरंत भेजा गया था और बम निरोधक दस्ता मौके पर मौजूद था।
कई देशों में फैली दहशत
यह घटना अकेली नहीं थी, बल्कि पूरे यूरोप में हवाई यातायात को निशाना बनाने की कोशिश की गई। इतालवी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, रोम जाने वाली और मिलान से उड़ान भरने वाली दो अन्य उड़ानों को भी बम की धमकी मिली। इसी तरह, हेलसिंकी से रोम जा रही एक फ्लाइट को इतालवी लड़ाकू विमानों की निगरानी में उतारा गया।
फिनलैंड की राष्ट्रीय विमानन कंपनी फिनएयर के एक प्रवक्ता ने बताया कि हेलसिंकी से वियना जा रही एक और उड़ान को भी धमकी मिली, हालांकि वह भी सुरक्षित उतर गई। वहीं, बुल्गारिया के परिवहन मंत्रालय के अनुसार, रायन एयर की सोफिया जाने वाली तीन उड़ानों को निशाना बनाया गया, जिनमें से एक को दूसरे शहर प्लोवदिव की ओर मोड़ना पड़ा।
चेक गणराज्य में चार विमानों को धमकी
चेक गणराज्य में स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब प्राग जा रहे चार विमानों में विस्फोटक होने की सूचना मिली। चेक पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि वे प्राग एयरपोर्ट के साथ मिलकर विमानों की सुरक्षित लैंडिंग की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस ने कहा, "फिलहाल हम इन धमकियों की गंभीरता को कम मान रहे हैं।" हालांकि, खतरे को नजरअंदाज न करते हुए सभी जरूरी सुरक्षा उपाय किए गए और विमानों के उतरने के बाद उनकी गहन जांच की गई। बाद में पुलिस ने बताया कि जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है और मामला अब राष्ट्रीय आतंकवाद, उग्रवाद और साइबर अपराध केंद्र को सौंप दिया गया है।
यूरो न्यूज के अनुसार, यह इस सप्ताह इस तरह की घटनाओं की दूसरी कड़ी थी। इससे पहले मंगलवार को भी यूरोप की लगभग 10 उड़ानों को बम की धमकियां मिली थीं, जिसके कारण वारसॉ हवाई अड्डे को कुछ देर के लिए बंद भी करना पड़ा था।
इनपुट: IANS



