बरेली: नवोदय अस्पताल की पांचवीं मंज़िल पर लगी आग, 100 मरीज़ सुरक्षित निकाले गए
उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक पांच मंजिला अस्पताल में आग लग गई। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, शहर के कर्मचारी नगर स्थित नवोदय अस्पताल की सबसे…
उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक पांच मंजिला अस्पताल में आग लग गई। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, शहर के कर्मचारी नगर स्थित नवोदय अस्पताल की सबसे ऊपरी मंजिल पर आग लगने के बाद पूरी इमारत घने धुएं से भर गई, जिससे मरीज़ों और उनके तीमारदारों में अफरा-तफरी फैल गई।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। अस्पताल प्रशासन ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए सभी मरीज़ों को एंबुलेंस की मदद से पास के दूसरे अस्पतालों में सुरक्षित पहुंचा दिया।
सुबह 10 बजे OPD के समय हुई घटना
अधिकारियों ने बताया कि आग सुबह करीब 10 बजे लगी, जब अस्पताल में ओपीडी का समय होने के कारण काफी भीड़ थी। घटना के वक्त आईसीयू और अन्य वार्डों में लगभग 100 मरीज़ और उनके परिजन मौजूद थे। जैसे ही आग लगी, हर मंज़िल पर फायर अलार्म बजने लगे, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।
आधे घंटे में आग पर काबू पाया गया
दमकलकर्मियों ने बचाव कार्य शुरू करते हुए करीब 30 मिनट के भीतर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह एमसीवी बॉक्स में शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है, जिसके कारण धुआं तेज़ी से इमारत के दूसरे हिस्सों में भी फैल गया। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के सटीक कारणों और यह पांचवीं मंज़िल तक कैसे पहुंची, इसका पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी।
इनपुट: IANS



