मेघालय: UDP के 8 विधायक BJP में शामिल, मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने सरकार पर असर से किया इनकार
मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने स्पष्ट किया है कि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) के आठ विधायकों के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने से राज्य की मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस (MDA)…
मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने स्पष्ट किया है कि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) के आठ विधायकों के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने से राज्य की मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस (MDA) सरकार के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह विधायकों का अपना फैसला है और इसका गठबंधन की स्थिरता पर कोई प्रभाव नहीं है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि विधायकों की संख्या बढ़ने के बावजूद भाजपा ने कैबिनेट में किसी नए मंत्री पद की मांग नहीं की है। बुधवार को UDP के आठ विधायक नई दिल्ली में भाजपा में शामिल हो गए, जिससे 60 सदस्यीय मेघालय विधानसभा में भाजपा की ताकत दो से बढ़कर 10 हो गई।
गठबंधन के गणित पर असर नहीं
कॉनराड संगमा ने कहा कि UDP और भाजपा दोनों ही सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा हैं, इसलिए यह बदलाव गठबंधन के भीतर ही हुआ है। उन्होंने पत्रकारों से कहा, "गठबंधन की संख्या पहले जैसी ही है, क्योंकि यह बदलाव गठबंधन के भीतर ही हुआ है। इसलिए इससे हमारी सरकार के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ेगा।" मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि सरकार के पास विधानसभा में साधारण बहुमत है और वह सामान्य रूप से काम करती रहेगी।
इस राजनीतिक घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए संगमा ने इसे दो राजनीतिक दलों के बीच का मामला बताया। उन्होंने कहा, "यह दो राजनीतिक दलों के बीच का मामला है और संबंधित विधायकों का फैसला है। इसका एनपीपी से कोई लेना-देना नहीं है। यह पूरी तरह विधायकों की इच्छा और उनका फैसला है, इसलिए इस पर मेरी कोई टिप्पणी नहीं है।"
सहयोगी दलों के बीच चिंता की बात मानी
हालांकि मुख्यमंत्री ने यह स्वीकार किया कि इस घटनाक्रम से सहयोगी दलों UDP और भाजपा के बीच कुछ चिंताएं पैदा हो सकती हैं। संगमा ने कहा, "दोनों राजनीतिक दलों के बीच कुछ चिंताएं जरूर होंगी, क्योंकि एक पार्टी के विधायक उसे छोड़कर दूसरी पार्टी में शामिल हुए हैं। इसलिए दोनों दलों को आपस में इस मुद्दे को सुलझाना होगा।"
भाजपा की बढ़ी ताकत से अपने नेतृत्व को किसी भी तरह के खतरे से इनकार करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर दल अपना जनाधार बढ़ाने की कोशिश करता है। उन्होंने कहा, "हमें यह सुनिश्चित करने के लिए काम करना होगा कि हमारा जनाधार मजबूत बना रहे।" संगमा ने दोहराया कि उनकी पार्टी NPP अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाए रखते हुए आगे बढ़ती रहेगी।
इनपुट: IANS



