बेंगलुरु: घरेलू कलह में कैब ड्राइवर ने पत्नी और बच्चे समेत ससुराल के 7 लोगों की हत्या की
बेंगलुरु में एक कैब ड्राइवर को अपने ही ससुराल के सात लोगों की बेरहमी से हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ने घरेलू विवादों के चलते अपनी…
बेंगलुरु में एक कैब ड्राइवर को अपने ही ससुराल के सात लोगों की बेरहमी से हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ने घरेलू विवादों के चलते अपनी पत्नी, सास, सालों और उनके परिवार को मौत के घाट उतार दिया। मृतकों में एक सात साल का बच्चा भी शामिल है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शवों की तलाश कर रही है।
मामला शुक्रवार को तब सामने आया, जब आरोपी की एक साली नलिनी रहस्यमय तरीके से लापता हो गई और उसकी मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने नलिनी के बहनोई इंदुशेखर से पूछताछ की। राजाजीनगर पुलिस को उसके बयानों में विरोधाभास दिखा, जिससे शक गहरा गया। घर की तलाशी में मिले सुरागों के बाद कड़ाई से पूछताछ करने पर इंदुशेखर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
सुनियोजित तरीके से दिया हत्याओं को अंजाम
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इंदुशेखर ने इन हत्याओं की योजना पहले से बना रखी थी। उसने सबसे पहले घर पर अपनी पत्नी सुनीता की सिल-बट्टे से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद, किसी को शक न हो, इसलिए उसने ससुराल वालों से कहा कि सुनीता अपनी सहेलियों के साथ घूमने गई है। बाद में उसने अपने दोनों सालों, शिवकुमार और शंकर को शराब पिलाने के बहाने घर बुलाया और उनकी भी हत्या कर दी।
आरोपी पर अपनी सास रूपावती, सालों की पत्नियों दिव्या और नलिनी और सात वर्षीय भतीजे पुनीत की भी हत्या करने का आरोप है। जांच में पता चला कि उसने खून के धब्बे साफ किए और अपराध में इस्तेमाल पत्थर को भी धो दिया था।
विवाद की जड़ और शवों की बरामदगी
पुलिस के मुताबिक, इंदुशेखर की शादी करीब 20 साल पहले सुनीता से हुई थी। वह पत्नी के अपने मायके से लगातार जुड़ाव को लेकर नाराज रहता था, जिस वजह से दोनों में अक्सर झगड़े होते थे। इन झगड़ों में सुनीता का परिवार अपनी बेटी का पक्ष लेता था, जिससे इंदुशेखर की नाराजगी और बढ़ गई थी।
आरोपी ने कबूल किया कि उसने हत्या के बाद शवों को नंदी हिल्स के पास अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया था। पुलिस गुरुवार को उसे घटनास्थल पर ले गई, जहां करीब चार घंटे की तलाश के बाद बच्चे पुनीत का शव बरामद हुआ। अन्य छह शवों की तलाश अभी जारी है। पुलिस ने शवों को ले जाने में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली है।
इनपुट: IANS



