मुख्यमंत्री को 'हड्डियां तोड़ने' की धमकी: तमिलनाडु के DMK विधायक मार्कंडेयन गिरफ्तार
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में विलाथिकुलम से DMK विधायक मार्कंडेयन को सोमवार तड़के गिरफ्तार कर लिया गया। यह…
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में विलाथिकुलम से DMK विधायक मार्कंडेयन को सोमवार तड़के गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई एक जनसभा में दिए गए उनके भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हुई, जिसकी व्यापक आलोचना हो रही थी।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह पूरा मामला रविवार रात कोविलपट्टी के कृष्णन कोविल ग्राउंड्स में आयोजित DMK की एक जनसभा से जुड़ा है। सभा को संबोधित करते हुए विधायक मार्कंडेयन ने हाल की राजनीतिक घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला। अपने भाषण में उन्होंने कथित तौर पर चेतावनी देते हुए कहा कि अगर विधानसभा बुलाई गई तो 'आपकी हड्डियां साबुत नहीं बचेंगी'।
क्या था पूरा मामला?
वायरल हुए वीडियो में विधायक को यह कहते हुए सुना गया कि DMK के विधायक 'आपकी हड्डियां तोड़ देंगे और आपको वापस भेज देंगे'। इन बयानों को मुख्यमंत्री के लिए एक सीधी धमकी माना गया, जिसके बाद विभिन्न राजनीतिक दलों और आम लोगों ने उनकी कड़ी निंदा की। कई नेताओं ने उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई थी।
शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए, पुलिस ने सोमवार तड़के विलाथिकुलम स्थित उनके आवास से मार्कंडेयन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि उन्हें आगे की पूछताछ के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय ले जाया गया है और जांच के बाद अदालत में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तारी के बाद समर्थकों का प्रदर्शन
विधायक की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही उनके समर्थक घर के बाहर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ नारे लगाए और उस वाहन को रोकने का भी प्रयास किया जिसमें विधायक को ले जाया जा रहा था। पुलिस को विधायक को ले जाने से पहले प्रदर्शनकारियों को हटाना पड़ा। इस घटना ने तमिलनाडु में राजनीतिक तनाव को और बढ़ा दिया है।
जिस जनसभा में यह भाषण दिया गया था, उसकी अध्यक्षता विधायक आई करुणानिधि ने की थी और इसमें पार्टी के कई यूनियन सेक्रेटरी जैसे बीकिलिपट्टी मुरुगेसन, राधाकृष्णन, जयकन्नन, सुब्रमण्यन, करुप्पासामी और चिन्नापांडियन भी शामिल थे।
इनपुट: IANS



