जामताड़ा गैंग: 5 साल पुराने 27 लाख के फ्रॉड में दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पांच साल पुराने एक बड़े ऑनलाइन फ्रॉड मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ये दोनों आरोपी कुख्यात जामताड़ा गिरोह से जुड़े हैं और इन पर एक फर्जी बैंक…
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पांच साल पुराने एक बड़े ऑनलाइन फ्रॉड मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ये दोनों आरोपी कुख्यात जामताड़ा गिरोह से जुड़े हैं और इन पर एक फर्जी बैंक वेबसाइट बनाकर दिल्ली के एक व्यक्ति के खाते से 27 लाख रुपये से ज़्यादा की रकम निकालने का आरोप है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस लगातार इन दोनों की तलाश कर रही थी, जिसके बाद इन्होंने 30 अक्टूबर को दिल्ली की एक अदालत में सरेंडर कर दिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद मेहरुद्दीन अंसारी (30) और मोहम्मद अरशद अंसारी (29) के रूप में हुई है। दोनों झारखंड के जामताड़ा जिले के रहने वाले हैं। ये दोनों पांच साल से फरार चल रहे थे और इनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किए गए थे।
कैसे दिया गया था धोखाधड़ी को अंजाम?
पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह ने कैनरा बैंक की एक हूबहू नकल वाली फर्जी वेबसाइट बनाई थी। दिल्ली निवासी विश्वजीत पॉल को अपने चेक से जुड़ी कोई जानकारी चाहिए थी, जिसके लिए उन्होंने ऑनलाइन कस्टमर सपोर्ट नंबर खोजा और गलती से इस फर्जी वेबसाइट पर पहुंच गए।
इस वेबसाइट पर दिए गए नंबर पर कॉल करने के बाद एक फर्जी टेली-कॉलर ने उनसे बातचीत की और धोखे से उनके बैंक खाते की सारी जानकारी हासिल कर ली। इसके तुरंत बाद, गिरोह ने उनके खाते से 27.10 लाख रुपये आठ अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।
अब तक 10 गिरफ्तारियां
इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले भी आठ अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें वे लोग भी शामिल थे, जो धोखाधड़ी के पैसों को निकालने और ट्रांसफर करने के लिए अपने बैंक खाते मुहैया कराते थे। इनमें से छह आरोपी फिलहाल जमानत पर हैं।
पुलिस ने बताया कि मेहरुद्दीन और अरशद इस पूरे ऑपरेशन में मुख्य भूमिका निभा रहे थे। दसवीं पास होने के बावजूद, ये फर्जी वेबसाइट बनाने और नकली 'कस्टमर केयर' सेंटर चलाने में माहिर थे। इनकी गिरफ्तारी को इस केस में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
इनपुट: IANS



