सत्य निकेतन इमारत हादसा: दिल्ली नगर निगम के 5 अधिकारी निलंबित, मालिक के खिलाफ FIR
दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक पांच मंजिला इमारत ढहने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, दिल्ली सरकार ने सोमवार को लापरवाही बरतने के आरोप में दिल्ली नगर निगम (MCD)…
दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक पांच मंजिला इमारत ढहने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, दिल्ली सरकार ने सोमवार को लापरवाही बरतने के आरोप में दिल्ली नगर निगम (MCD) के पांच कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई घायल अस्पताल में हैं।
निलंबित किए गए सभी अधिकारी साउथ ज़ोन से हैं। इनमें डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार, सुपरिटेंडिंग इंजीनियर रणवीर सिंह, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ललित कुमार गोयल, असिस्टेंट इंजीनियर सुनील चौहान और जूनियर इंजीनियर आशीष कुमार शामिल हैं। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के घटनास्थल का दोबारा दौरा करने के बाद हुई।
प्रशासन का कड़ा रुख
सोमवार सुबह बचाव कार्यों का जायजा लेने के बाद सीएम गुप्ता ने आश्वासन दिया कि किसी भी दोषी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यालय ने दिल्ली में सभी अवैध पांच मंजिला इमारतों को तुरंत सील करने का निर्देश भी जारी किया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
इस बीच, पूरी रात चले तलाशी और बचाव अभियान के बाद भी मलबे में कई और लोगों के दबे होने की आशंका है। अधिकारियों का कहना है कि कई छात्र भी मलबे में हो सकते हैं, जिन्हें निकालने के प्रयास जारी हैं। ढह गई इमारत 'हॉस्टल डेज' नाम से लड़कों के पीजी के तौर पर चल रही थी। चश्मदीदों ने बताया कि पास की एक और इमारत भी गिरी है, जिससे इलाके की अन्य इमारतों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस जांच और कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने इमारत के मालिक हरिराम बंसल और अन्य के खिलाफ साउथ कैंपस पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली है। दक्षिण-पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त (DCP) अमित गोयल ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। पुलिस ने बंसल के खिलाफ लुक-आउट नोटिस जारी कर दिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए 10 टीमें गठित की हैं।
इनपुट: IANS



