हावड़ा: CPI(M) के कई दफ्तरों में तोड़फोड़, लेफ्ट ने BJP को ठहराया जिम्मेदार, पार्टी ने किया खंडन
पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में मंगलवार देर रात कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) के कई कार्यालयों को निशाना बनाया गया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, जिले के बाली इलाके में हुई इस तोड़फोड़ की…
पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में मंगलवार देर रात कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) के कई कार्यालयों को निशाना बनाया गया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, जिले के बाली इलाके में हुई इस तोड़फोड़ की घटना के लिए CPI(M) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर आरोप लगाया है, जबकि भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
CPI(M) नेताओं ने बताया कि यह हमला मंगलवार रात करीब 11 बजे हुआ, जब मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए कुछ लोगों ने लगभग 45 मिनट तक उत्पात मचाया। इस घटना से कुछ घंटे पहले ही पार्टी के युवा संगठन DYFI ने बाली नहर के पास एक कार्यक्रम आयोजित किया था, जिसमें पार्टी नेता दिप्सिता धर भी शामिल हुई थीं। लेफ्ट नेताओं का कहना है कि कार्यक्रम के बाद से ही इलाके में तनाव था।
हमले और आरोप-प्रत्यारोप
CPI(M) के जिला समिति सदस्य शंकर मैत्रा के मुताबिक, स्थानीय भाजपा नेता बाइकों पर आए और चार पार्टी दफ्तरों में तोड़फोड़ की। उन्होंने बताया कि जिन कार्यालयों को निशाना बनाया गया उनमें पंचाननतला रोड स्थित देवांगाजी जोनल पार्टी ऑफिस और बेलूर स्टेशन रोड का दफ्तर शामिल है। मैत्रा ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
वहीं, भाजपा ने इन आरोपों को निराधार बताया है। स्थानीय भाजपा नेता राजा गोस्वामी ने कहा, "हम गणेश पूजा और खिचड़ी वितरण कार्यक्रम में व्यस्त थे। हमें इस हमले की जानकारी मीडिया से मिली। भाजपा का इससे कोई लेना-देना नहीं है।"
यह घटना उत्तरी बंगाल के जलपाईगुड़ी में हाल ही में हुई एक और घटना के बाद सामने आई है, जहाँ CPI(M) के जिला कार्यालय में तोड़फोड़ और आगजनी की गई थी। उस घटना के लिए भी लेफ्ट पार्टी ने भाजपा से जुड़े लोगों पर ही आरोप लगाया था।
इनपुट: IANS



