गणेश विसर्जन ड्यूटी पर हैदराबाद आए सब-इंस्पेक्टर की सड़क हादसे में मौत, जांच जारी
हैदराबाद में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान विशेष ड्यूटी पर तैनात एक सब-इंस्पेक्टर की सड़क दुर्घटना में दुखद मृत्यु हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा बुधवार को हुसैन सागर झील…
हैदराबाद में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान विशेष ड्यूटी पर तैनात एक सब-इंस्पेक्टर की सड़क दुर्घटना में दुखद मृत्यु हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा बुधवार को हुसैन सागर झील के किनारे एनटीआर मार्ग पर हुआ, जब एक तेज रफ्तार दोपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। मृतक की पहचान भद्राद्री कोठागुडेम जिले के कोठागुडेम-2 टाउन थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर के. वेंकन्ना के रूप में हुई है।
के. वेंकन्ना को गणेश विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए हैदराबाद बुलाया गया था। वह एनटीआर मार्ग पर रात्रि ड्यूटी पर थे, जो प्रतिमा विसर्जन का एक प्रमुख स्थल है। घटना के समय वह एक अन्य पुलिस अधिकारी के साथ सड़क पार कर रहे थे, तभी एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। इस टक्कर में सब-इंस्पेक्टर के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके साथ मौजूद सहायक पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
शिकायत दर्ज कराने के बाद बिगड़ी तबीयत
शुरुआती इलाज के बाद सब-इंस्पेक्टर वेंकन्ना ने खुद सैफबाद पुलिस स्टेशन जाकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद वह वारंगल जिले में स्थित अपने गांव के लिए निकल गए। हालांकि, रास्ते में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें वारंगल के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद पाया कि उनके दिमाग में खून का थक्का जम गया था। इलाज के दौरान बुधवार शाम को उन्होंने दम तोड़ दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कर्तव्य के दौरान अधिकारी की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना प्रकट की है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू
यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर सैफबाद पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी मोटरसाइकिल सवार का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
इनपुट: IANS



