हैदराबाद: प्रणय कुमार 'हॉरर किलिंग' केस के दोषी अब्दुल बारी की जेल में दिल का दौरा पड़ने से मौत
हैदराबाद की चेर्लापल्ली जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे एक दोषी की गुरुवार को मौत हो गई। 50 वर्षीय अब्दुल बारी, 2018 के चर्चित पेरुमुल्ला प्रणय कुमार 'हॉरर किलिंग' मामले में सजायाफ्ता था। समाचार…
हैदराबाद की चेर्लापल्ली जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे एक दोषी की गुरुवार को मौत हो गई। 50 वर्षीय अब्दुल बारी, 2018 के चर्चित पेरुमुल्ला प्रणय कुमार 'हॉरर किलिंग' मामले में सजायाफ्ता था। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, बारी को दोपहर करीब 3 बजे दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उसे सिकंदराबाद के गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
प्रणय कुमार हत्याकांड में बारी चौथे नंबर का आरोपी था। नलगोंडा का रहने वाला बारी, गुजरात के पूर्व गृह मंत्री हरेन पांड्या की हत्या के मामले में भी एक आरोपी के रूप में नामजद था, हालांकि बाद में वह बरी हो गया था।
क्या था प्रणय कुमार हत्याकांड?
24 वर्षीय दलित युवक प्रणय कुमार की 14 सितंबर, 2018 को तेलंगाना के मिरियालगुडा कस्बे में एक प्राइवेट अस्पताल के बाहर कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। घटना के वक्त प्रणय अपनी गर्भवती पत्नी अमृता और मां प्रेमलता के साथ थे।
पुलिस जांच में यह एक 'ऑनर किलिंग' का मामला निकला। प्रणय ने ऊंची जाति की अपनी बचपन की दोस्त अमृता से परिवार की मर्जी के खिलाफ 30 जनवरी, 2018 को हैदराबाद के एक आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी।
मुख्य साजिशकर्ता ने कर ली थी आत्महत्या
इस हत्याकांड की साजिश अमृता के पिता और व्यवसायी मारुति राव ने रची थी। आरोप था कि उसने भाड़े के हत्यारे सुभाष कुमार शर्मा को 1 करोड़ रुपए की सुपारी दी थी। हालांकि, मारुति राव ने जमानत पर बाहर रहते हुए 7 मार्च, 2020 को आत्महत्या कर ली थी।
छह साल तक चले इस मामले के मुकदमे के बाद, नलगोंडा की एससी/एसटी विशेष अदालत ने बिहार के रहने वाले हत्यारे सुभाष शर्मा को मौत की सजा सुनाई। वहीं, अन्य दोषियों असगर अली, अब्दुल बारी, अब्दुल करीम, मारुति राव के भाई श्रवण कुमार और दो ड्राइवरों को उम्रकैद की सजा दी गई थी।
इनपुट: IANS



