केरल: वायनाड में सुरंग निर्माण स्थल के पास भूस्खलन, 3 लोगों को बचाया गया, कई के फंसे होने की आशंका
केरल के वायनाड जिले में भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना मं
केरल के वायनाड जिले में भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना मंगलवार को अनाक्कम्पॉयिल-कल्लाडी सुरंग सड़क परियोजना के निर्माण स्थल के पास हुई। इलाके में लगातार हो रही बारिश के कारण राहत और बचाव कार्यों में मुश्किल आ रही है।
घटना के बाद मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने एक आपातकालीन बैठक की, जिसमें वायनाड के ही रहने वाले राज्य के कृषि मंत्री टी. सिद्दीकी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राजस्व मंत्री ए.पी. अनिल कुमार और कृषि मंत्री टी. सिद्दीकी को तत्काल मौके पर पहुंचकर अभियान की निगरानी करने को कहा है।
बचाव कार्य और मौजूदा स्थिति
भूस्खलन वायनाड के मीनाक्षी पुल के पास कलाड़ी में हुआ। बताया जा रहा है कि सुरंग निर्माण के लिए खोदी गई मिट्टी का एक बड़ा ढेर भारी बारिश के कारण धंस गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। पिछले 24 घंटों में मेप्पडी इलाके में 226 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
अग्निशमन और बचाव सेवा, पुलिस और अन्य आपातकालीन एजेंसियां मौके पर राहत कार्य में जुटी हैं। उनकी मदद के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की एक टीम को भी घटनास्थल पर भेजा गया है। अधिकारियों को आशंका है कि मलबे में अभी और भी मजदूर और पर्यटक फंसे हो सकते हैं, क्योंकि यह इलाका पर्यटकों में काफी लोकप्रिय है।
जान-माल का कितना नुकसान?
रिपोर्टों के मुताबिक, भूस्खलन के समय मौके पर कई निजी वाहन और निर्माण श्रमिकों को ले जाने वाली एक बस भी खड़ी थी, जिसके मलबे में दबे होने की आशंका है। हालांकि, अब तक तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। फंसे हुए लोगों की सही संख्या और नुकसान की पूरी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही हो पाएगी।
इनपुट: IANS



