बंगाल: रेप आरोपी TMC विधायक की फरारी में मददगार निकला पुलिस का सिविक वॉलंटियर, गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल में एक रेप केस के आरोपी तृणमूल कांग्रेस विधायक की फरारी में पुलिस के खुफिया विभाग से जुड़े एक सिविक वॉलंटियर की भूमिका सामने आई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस की इंटेलिजेंस…
पश्चिम बंगाल में एक रेप केस के आरोपी तृणमूल कांग्रेस विधायक की फरारी में पुलिस के खुफिया विभाग से जुड़े एक सिविक वॉलंटियर की भूमिका सामने आई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस की इंटेलिजेंस ब्रांच (IB) में तैनात विकास साहनी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोप है कि वह न सिर्फ विधायक परेश राम दास को मुंबई भागने में मदद कर रहा था, बल्कि पुलिस की गोपनीय जानकारियां भी उस तक पहुंचा रहा था।
यह मामला तब खुला जब 17 दिनों से फरार चल रहे कैनिंग (पश्चिम) सीट से विधायक परेश राम दास को सोमवार शाम कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। वह मुंबई जाने वाली फ्लाइट में सवार होने की फिराक में थे। बारुईपुर पुलिस जिले की जांच में पता चला कि साहनी ने दास की भागने की पूरी योजना बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
गोपनीय सूचनाएं लीक करने का आरोप
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आईबी में अपनी तैनाती के चलते विकास साहनी की पहुंच कई पुलिस थानों से जुड़ी संवेदनशील जानकारियों तक थी। शुरुआती जांच से यह संकेत मिले हैं कि वह लगातार इन गोपनीय सूचनाओं को विधायक दास के साथ साझा कर रहा था। इसी मदद के दम पर विधायक पुलिस की ट्रैकिंग टीमों को चकमा देने और अपने अगले कदम की योजना बनाने में कामयाब हो रहा था। फिलहाल जांच टीम साहनी से गहन पूछताछ कर रही है।
विधायक पर लगे हैं गंभीर आरोप
परेश राम दास, कैनिंग पुलिस स्टेशन में 5 सितंबर 2026 को दर्ज एक मामले में मुख्य आरोपी हैं। उन पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 376 (बलात्कार), 323 (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 420 (धोखाधड़ी), 120बी (आपराधिक साजिश) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत केस दर्ज है। दास को पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे के नेतृत्व वाले टीएमसी गुट का वफादार माना जाता है।
इस गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए सुवेंदु अधिकारी ने दास को कैनिंग इलाके का एक जाना-माना जबरन वसूली करने वाला बताया। अधिकारी ने कहा, "पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान, उसने इलाके में राज्य सरकार की कई संपत्तियों पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया था और वहां अपना खुद का ठिकाना बना लिया था।"
इनपुट: IANS



