अभिषेक बनर्जी के हेट स्पीच मामले में CID ने दर्ज किया बीजेपी विधायक का बयान, TMC सांसद पर जांच में देरी का आरोप
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी से जुड़े कथित नफरत भरे भाषण के मामले में जांच आगे बढ़ गई है। पश्चिम बंगाल पुलिस की आपराधिक जांच विभाग (CID) ने गुरुवार को इस मामले में अहम गवाह, भाजप
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी से जुड़े कथित नफरत भरे भाषण के मामले में जांच आगे बढ़ गई है। पश्चिम बंगाल पुलिस की आपराधिक जांच विभाग (CID) ने गुरुवार को इस मामले में अहम गवाह, भाजपा विधायक बिकर्ण नास्कर का बयान दर्ज किया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, यह कार्रवाई उस मामले का हिस्सा है जिसमें बनर्जी पर विधानसभा चुनाव से पहले भड़काऊ भाषण देने का आरोप है।
दक्षिण 24 परगना जिले की गोसाबा सीट से विधायक नास्कर गुरुवार दोपहर को दक्षिण कोलकाता स्थित सीआईडी मुख्यालय भवानी भवन पहुंचे और अपना बयान दर्ज कराया। यह मामला एक चुनावी रैली के दौरान अभिषेक बनर्जी द्वारा दिए गए भाषण से जुड़ा है, जिसमें उन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ भड़काऊ और आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है।
गवाह के तौर पर बयान अहम क्यों?
आरोप है कि डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी के उस भाषण के बाद तृणमूल कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने बिकर्ण नास्कर पर हमला किया था। इस घटना के संबंध में स्थानीय पुलिस स्टेशन में एक शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, जिसकी जांच बाद में CID को सौंप दी गई। इसी जांच के सिलसिले में नास्कर का बयान एक गवाह के रूप में दर्ज किया गया है।
आवाज का नमूना देने से बच रहे अभिषेक?
बीजेपी विधायक का बयान ऐसे समय में और भी महत्वपूर्ण हो गया है जब अभिषेक बनर्जी अपनी आवाज का नमूना देने के लिए अदालत के आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं। उत्तर 24 परगना की बिधाननगर अदालत ने उन्हें दो बार व्यक्तिगत रूप से पेश होकर न्यायिक मजिस्ट्रेट और फोरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में अपनी आवाज का नमूना देने का निर्देश दिया था।
बुधवार को पेशी की आखिरी तारीख थी, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद, लोक अभियोजक बिवास चट्टोपाध्याय ने अदालत में एक लिखित आवेदन देकर कहा है कि बनर्जी बार-बार आदेशों की अवहेलना कर रहे हैं। उन्होंने इसे जांच में देरी करने और प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास बताते हुए उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इनपुट: IANS



