त्रावणकोर टाइटेनियम मामला: CBI ने चेन्नीथला को दी क्लीन चिट, सबूतों के अभाव में केस बंद
केरल के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व गृह मंत्री रमेश चेन्नीथला को एक बड़े भ्रष्टाचार मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से राहत मिल गई है। एजेंसी ने केरल उच्च न्यायालय को बताया है कि 'त्रावणकोर…
केरल के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व गृह मंत्री रमेश चेन्नीथला को एक बड़े भ्रष्टाचार मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से राहत मिल गई है। एजेंसी ने केरल उच्च न्यायालय को बताया है कि 'त्रावणकोर टाइटेनियम' मामले में चेन्नीथला के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं मिले हैं, जिसके बाद विशेष अदालत में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी गई है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला 2004-06 के दौरान राज्य के स्वामित्व वाली त्रावणकोर टाइटेनियम प्रोडक्ट्स लिमिटेड में 256 करोड़ रुपये की लागत से एक अपशिष्ट उपचार संयंत्र (एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) लगाने में हुई कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। सीबीआई के इस कदम के बाद चेन्नीथला ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे 'राजनीति से प्रेरित' मामला बताया। उन्होंने कहा, "इस मामले में कुछ भी नहीं था, लेकिन वामपंथियों ने हमें राजनीतिक रूप से निशाना बनाने के लिए इसका इस्तेमाल किया और अब सच सामने आ गया है।"
क्या थे मुख्य आरोप?
मामले में मुख्य आरोप यह था कि संयंत्र के लिए उपकरण खरीदने का ठेका बिना वैश्विक निविदा (ग्लोबल टेंडर) आमंत्रित किए ही दे दिया गया था। इस मामले में रमेश चेन्नीथला के अलावा तत्कालीन मुख्यमंत्री ओमन चांडी और अन्य लोगों पर भी आरोप लगे थे। यह विवाद 2011-16 के दौरान यूडीएफ सरकार के समय सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाले वामपंथी दलों के लिए एक प्रमुख राजनीतिक हथियार बन गया था, जिन्होंने चांडी और चेन्नीथला को लगातार निशाना बनाया।
मामले की कानूनी यात्रा
शुरुआत में इस मामले की जांच राज्य के 'विजिलेंस एंड एंटी-करप्शन ब्यूरो' ने की थी। इसके बाद, चेन्नीथला ने 2014 में अपने खिलाफ चल रही कार्यवाही को चुनौती देते हुए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। अंततः 2023 में उच्च न्यायालय ने सीबीआई को मामले की जांच अपने हाथ में लेने का निर्देश दिया था। बुधवार को सीबीआई द्वारा क्लोजर रिपोर्ट की जानकारी दिए जाने के बाद, चेन्नीथला के वकील ने अदालत को सूचित किया कि वे 2014 में दायर अपनी याचिका पर अब आगे नहीं बढ़ेंगे, जिसे न्यायमूर्ति सी. जयचंद्रन ने स्वीकार कर लिया।
इनपुट: IANS



