बंगाल चुनाव-बाद हिंसा: हत्या मामले में दो साल से फ़रार महिला को CBI ने किया गिरफ़्तार
पश्चिम बंगाल में 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े एक हत्या के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने एक घोषित अपराधी को गिरफ़्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के…
पश्चिम बंगाल में 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े एक हत्या के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने एक घोषित अपराधी को गिरफ़्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को गिरफ़्तार की गई महिला का नाम झरना मिस्त्री है, जो इस मामले में सह-आरोपी संजय मिस्त्री की पत्नी है।
एजेंसी के अनुसार, झरना मिस्त्री को दक्षिण 24 परगना जिले के संतोषपुर इलाके के घोषपारा से पकड़ा गया। 2021 में FIR दर्ज होने के बाद से ही वह फ़रार चल रही थी और जांच या मुक़दमे की किसी भी कार्यवाही में शामिल नहीं हुई। सीबीआई ने उसकी गिरफ़्तारी के लिए 50,000 रुपये के नकद इनाम की भी घोषणा की थी।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला उत्तर 24 परगना जिले के जगतदल पुलिस स्टेशन से जुड़ा है। शोभा रानी मंडल की मां की शिकायत पर FIR दर्ज की गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि चुनाव के बाद हुई हिंसा के दौरान उनकी बेटी की हत्या कर दी गई थी।
कलकत्ता उच्च न्यायालय के 19 अगस्त, 2021 के आदेश के बाद सीबीआई ने इस मामले सहित राज्य में चुनाव के बाद हुई हिंसा की कई घटनाओं की जांच अपने हाथ में ले ली थी। विस्तृत जांच के बाद एजेंसी ने झरना मिस्त्री समेत 13 आरोपियों के ख़िलाफ़ एक पूरक आरोप-पत्र (supplementary chargesheet) भी दायर किया था।
'घोषित अपराधी' करार दी गई थी झरना
लगातार फ़रार रहने और मुक़दमे की कार्यवाही से बचने के कारण बैरकपुर की एक जिला अदालत ने झरना मिस्त्री को 'घोषित अपराधी' करार दे दिया था। इसके बावजूद वह पकड़ से बाहर थी। मंगलवार को गिरफ़्तारी के बाद उसे बैरकपुर की अदालत में पेश किया गया।
उल्लेखनीय है कि 2021 के विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस की भारी जीत के बाद राज्य भर से व्यापक हिंसा की खबरें आई थीं। इन मामलों में कई भाजपा कार्यकर्ताओं के मारे जाने या घायल होने और बड़ी संख्या में लोगों के विस्थापित होने के आरोप लगे थे।
इनपुट: IANS



