चंडीगढ़ नगर निगम: ठेकेदार से 14 लाख की रिश्वत मांगी, 5 लाख लेते हुए सेनेटरी इंस्पेक्टर CBI के हत्थे चढ़ा
चंडीगढ़ नगर निगम के एक सेनेटरी इंस्पेक्टर को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी इंस्पेक्टर एक…
चंडीगढ़ नगर निगम के एक सेनेटरी इंस्पेक्टर को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी इंस्पेक्टर एक ठेकेदार से उसकी फर्म के बिल पास करने के एवज में कुल 14 लाख रुपये की मांग कर रहा था।
यह कार्रवाई बुधवार को CBI द्वारा बिछाए गए एक जाल के तहत की गई। शिकायतकर्ता ठेकेदार ने 7 अक्टूबर को CBI में मामला दर्ज कराया था। अपनी शिकायत में उसने आरोप लगाया था कि सेनेटरी इंस्पेक्टर उसकी फर्म के पुराने और आने वाले बिलों को क्लियर करने के बदले रिश्वत मांग रहा है।
धमकी देकर मांग रहा था रिश्वत
एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने ठेकेदार को धमकी भी दी थी। उसने कहा था कि अगर रिश्वत की रकम नहीं दी गई, तो वह फर्म के बिल रोक देगा और उसका टेंडर भी रद्द करवा देगा। इसके बाद एजेंसी ने आरोपों की पुष्टि कर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई।
तय योजना के अनुसार, जब इंस्पेक्टर रिश्वत की कुल रकम में से 5 लाख रुपये की पहली किश्त ले रहा था, तभी CBI की टीम ने उसे पकड़ लिया।
घर और दफ्तर पर भी छापेमारी
गिरफ्तारी के बाद CBI ने आरोपी सेनेटरी इंस्पेक्टर के घर और दफ्तर, दोनों जगहों पर तलाशी ली। एजेंसी के अनुसार, इस तलाशी के दौरान अधिकारियों को कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज़ और अचल संपत्ति से जुड़े कागजात मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को चंडीगढ़ की एक सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा।
इनपुट: IANS



