ओमान सागर में कई जहाजों पर संकट: एक में आग, दो बारूदी सुरंग से टकराए, एक पर अमेरिकी हमला
ओमान सागर और होर्मुज स्ट्रेट के रणनीतिक जलक्षेत्र में रविवार को जहाजों से जुड़ी कई गंभीर घटनाएं सामने आईं। एक ओर जहां एक मालवाहक जहाज में आग लग गई, वहीं ईरान ने दावा किया कि दो तेल टैंकर उसकी बिछाई…
ओमान सागर और होर्मुज स्ट्रेट के रणनीतिक जलक्षेत्र में रविवार को जहाजों से जुड़ी कई गंभीर घटनाएं सामने आईं। एक ओर जहां एक मालवाहक जहाज में आग लग गई, वहीं ईरान ने दावा किया कि दो तेल टैंकर उसकी बिछाई बारूदी सुरंगों से टकरा गए। इसी बीच, अमेरिकी सेना ने एक अन्य व्यावसायिक जहाज पर हमला कर उसे निष्क्रिय कर दिया।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) कोस्ट गार्ड को ओमान सागर में एक मालवाहक जहाज से आग लगने का संकट संदेश (डिस्ट्रेस कॉल) मिला। इसके बाद तुरंत एक बचाव अभियान शुरू किया गया और जहाज पर मौजूद चालक दल के सभी 22 सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया। यूएई नेशनल गार्ड के मुताबिक, बचाए गए सभी क्रू सदस्य अरब देशों के नागरिक थे, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। हालांकि, जहाज में आग लगने के कारणों या इससे हुए नुकसान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
ईरान का बारूदी सुरंगों का दावा
इसी क्षेत्र में एक अन्य घटना में, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने दावा किया कि दो तेल टैंकर बारूदी सुरंगों से टकराकर आग की चपेट में आ गए। आईआरजीसी के आधिकारिक समाचार प्लेटफॉर्म सेपाह न्यूज पर जारी बयान में कहा गया कि ये टैंकर होर्मुज स्ट्रेट से एक 'अनधिकृत मार्ग' से गुजरने की कोशिश कर रहे थे। बयान के मुताबिक, दोनों जहाजों ने अपने जीपीएस सिस्टम बंद कर रखे थे। आईआरजीसी ने चेतावनी दी कि जो भी जहाज अमेरिकी सेना के साथ सहयोग करेगा और ईरानी नियमों का उल्लंघन करेगा, वह 'निश्चित रूप से' नौसैनिक सुरंगों से टकरा सकता है।
अमेरिकी सेना की कार्रवाई
उधर, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने एक अलग घटना की पुष्टि की। 'एक्स' पर एक पोस्ट में सेंटकॉम ने बताया कि उसकी सेना ने ओमान की खाड़ी में एक व्यावसायिक जहाज 'एम/वी हुदा' को निष्क्रिय कर दिया। सेंट किट्स का झंडा लगे इस मालवाहक जहाज के नागरिक चालक दल ने कई चेतावनियों को नजरअंदाज किया था और ईरान के खिलाफ लागू नौसैनिक नाकेबंदी का उल्लंघन करने की कोशिश कर रहा था। अमेरिकी सेना के अनुसार, एक सैन्य विमान से जहाज के पिछले हिस्से पर सटीक हमला किया गया, जिससे वह काम लायक नहीं रहा। सेंटकॉम ने यह भी कहा कि कार्रवाई से पहले चालक दल को निशाना बनाए गए हिस्सों को खाली करने का निर्देश दिया गया था।
इनपुट: IANS



