हैदराबाद: कैब में महिला से यौन उत्पीड़न की कोशिश, विरोध करने पर ड्राइवर ने 60 हजार रुपए लूटे
हैदराबाद के बाहरी इलाके शमशाबाद में एक कैब ड्राइवर पर अपनी महिला यात्री के साथ यौन उत्पीड़न का प्रयास करने और फिर उससे 60,000 रुपए लूटकर भाग जाने का आरोप लगा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के…
हैदराबाद के बाहरी इलाके शमशाबाद में एक कैब ड्राइवर पर अपनी महिला यात्री के साथ यौन उत्पीड़न का प्रयास करने और फिर उससे 60,000 रुपए लूटकर भाग जाने का आरोप लगा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार (26 सितंबर) रात की है, जो सोमवार को सामने आई। पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 38 वर्षीय महिला ने 26 सितंबर को शाम करीब 6 बजे हैदराबाद आने के लिए जडचेरला से एक टैक्सी ली थी। उसके पास 60,000 रुपए नकद थे। शमशाबाद पहुंचने के बाद, महिला ने ड्राइवर को गचीबोवली जाने के लिए अतिरिक्त 50 रुपए देने की बात मान ली।
सुनसान जगह पर वारदात
शिकायत में बताया गया है कि टोंडुपल्ली टोल गेट पार करने के बाद ड्राइवर ने दवा खरीदने के बहाने आउटर रिंग रोड (ORR) की सर्विस रोड पर एक मेडिकल दुकान पर गाड़ी रोकी। इसके बाद, रात करीब 8:30 बजे, उसने कोथवालगुडा सर्विस रोड के किनारे एक सुनसान जगह पर गाड़ी रोक दी और महिला के साथ छेड़छाड़ की कोशिश की।
जब महिला ने शोर मचाया और गाड़ी से बाहर निकल गई, तो आरोपी ड्राइवर ने नकदी वाला बैग छीना और मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने उसी रात राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (आरजीआईए) पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 318(4), और 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उसी इलाके में हुई थी 'दिशा' की घटना
गौरतलब है कि यह वारदात उसी इलाके के पास हुई है, जहां 27 नवंबर 2019 की रात को 27 वर्षीय महिला डॉक्टर 'दिशा' (बदला हुआ नाम) के साथ सामूहिक बलात्कार के बाद उनकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले के चारों आरोपी बाद में 6 दिसंबर, 2019 को पुलिस के साथ एक कथित मुठभेड़ में मारे गए थे।
इनपुट: IANS



