केरल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: तीन जिलों को मिले नए कलेक्टर, कई अहम विभागों के अधिकारी भी बदले गए
केरल सरकार ने शुक्रवार को राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में एक बड़ा फेरबदल किया है, जिसके तहत कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की गई हैं। इस बदलाव में तीन जिलों- तिरुवनंतपुरम…
केरल सरकार ने शुक्रवार को राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में एक बड़ा फेरबदल किया है, जिसके तहत कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की गई हैं। इस बदलाव में तीन जिलों- तिरुवनंतपुरम, वायनाड और कासरगोड को नए जिला कलेक्टर मिले हैं, साथ ही कई महत्वपूर्ण विभागों और सार्वजनिक संस्थानों के प्रमुख भी बदले गए हैं। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इस फेरबदल में सबरीमाला तीर्थयात्रा के लिए एक विशेष पद भी बनाया गया है।
तीन जिलों में नए कलेक्टर
इस फेरबदल के तहत अंजू के.एस. को राजधानी तिरुवनंतपुरम का नया जिला कलेक्टर नियुक्त किया गया है। उन्होंने अनु कुमारी का स्थान लिया है, जिन्हें अब जीएसटी के स्पेशल कमिश्नर का पद दिया गया है। अंजू पहले स्टेट लॉटरीज की डायरेक्टर थीं और वे विझिनजम पोर्ट रिहैबिलिटेशन मॉनिटरिंग कमिटी की चेयरपर्सन बनी रहेंगी। वहीं, फिशरीज डायरेक्टर चेलासिनी वी. को वायनाड का और फूड सेफ्टी कमिश्नर श्रीधन्या सुरेश को कासरगोड का नया जिला कलेक्टर बनाया गया है। कासरगोड के मौजूदा कलेक्टर अर्जुन पांडियन का तबादला एग्रीकल्चर डेवलपमेंट और फार्मर्स वेलफेयर के डायरेक्टर के पद पर किया गया है।
सबरीमाला के लिए विशेष पद
आगामी मंडल-मकरविलक्कू तीर्थयात्रा सीजन (2026-27) को ध्यान में रखते हुए सरकार ने एक नया एक्स-कैडर पद बनाया है। दिलीप के. कैनीकारा को एडिशनल जिला मजिस्ट्रेट (सबरीमाला) नियुक्त किया गया है। उनकी जिम्मेदारी सबरीमाला, पंपा और निलक्कल में विभिन्न विभागों और एजेंसियों के बीच कामकाज का समन्वय करना होगी।
अन्य महत्वपूर्ण विभागों में बदलाव
शिक्षा और उद्योग: इंडस्ट्रीज डायरेक्टर अरुण के. विजयन को जनरल एजुकेशन का डायरेक्टर बनाया गया है, जबकि जनरल एजुकेशन डायरेक्टर स्नेहिल कुमार सिंह को अब इंडस्ट्रीज और कॉमर्स डायरेक्टर का पद सौंपा गया है। सिंह के पास केएसआईडीसी और केएसआईटीआईएल के मैनेजिंग डायरेक्टर का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
आईटी और स्वास्थ्य: सचिन कुमार यादव केरल स्टेट आईटी मिशन के नए डायरेक्टर होंगे और साथ ही टेक्नोपार्क के सीईओ तथा के-एफओएन के मैनेजिंग डायरेक्टर का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। वहीं, डॉ. रेनू राज को नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) का स्टेट मिशन डायरेक्टर और कई अन्य स्वास्थ्य एजेंसियों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। एनएचएम की मिशन डायरेक्टर अनु एस. नायर को अब फूड सेफ्टी कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
अतिरिक्त प्रभार और अन्य नियुक्तियां
कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। एर्नाकुलम की कलेक्टर प्रियंका जी को कोच्चि मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के सीईओ का अतिरिक्त प्रभार मिला है। त्रिशूर की कलेक्टर शिखा सुरेश को केरल इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल एडमिनिस्ट्रेशन (केआईएलए) के डायरेक्टर जनरल का पूरा अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अन्य नियुक्तियों में साबिन समीद को पीआरडी डायरेक्टर और अखिल वी. मेनन को स्पोर्ट्स और यूथ अफेयर्स का डायरेक्टर बनाया गया है।
इनपुट: IANS



