बेंगलुरु: संपत्ति विवाद या सुपारी किलिंग? व्हाइटफील्ड में घर के बाहर वकील की गोली मारकर हत्या
बेंगलुरु के टेक्नोलॉजी हब व्हाइटफील्ड में एक वकील की उनके घर के दरवाजे पर ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस को शक है कि इस वारदात के पीछे संपत्ति विवाद, निजी दुश्मनी या सुपारी किलिंग (कॉन्ट्रैक्ट…
बेंगलुरु के टेक्नोलॉजी हब व्हाइटफील्ड में एक वकील की उनके घर के दरवाजे पर ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस को शक है कि इस वारदात के पीछे संपत्ति विवाद, निजी दुश्मनी या सुपारी किलिंग (कॉन्ट्रैक्ट किलिंग) हो सकती है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने हमलावरों की तलाश के लिए चार विशेष टीमें गठित की हैं।
मृतक की पहचान मंजूनाथ के रूप में हुई है, जो पट्टनडुरू अग्रहारा इलाके में रहते थे। पुलिस के अनुसार, घटना रविवार रात करीब 11:30 बजे हुई, जब मंजूनाथ अपने घर में थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दो अज्ञात युवक बाइक पर आए और बातचीत करने के बहाने उन्हें बाहर बुलाया।
जैसे ही मंजूनाथ दरवाजा खोलकर बाहर आए, हमलावरों में से एक ने बेहद करीब से उनके माथे पर गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। मंजूनाथ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। व्हाइटफील्ड पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
किरायेदारों पर शक और संपत्ति का एंगल
पुलिस को संदेह है कि इस हत्याकांड के पीछे मंजूनाथ के किरायेदारों का हाथ हो सकता है। बताया जा रहा है कि रविवार रात ही किराए को लेकर उनका किरायेदारों से कोई झगड़ा हुआ था। जांच इस बात पर केंद्रित है कि क्या उसी झगड़े ने इस सुनियोजित हमले का रूप ले लिया। पुलिस को हमलावरों के बिहार से होने का भी संदेह है।
पुलिस के मुताबिक, मंजूनाथ व्हाइटफील्ड में कई एकड़ जमीन के मालिक थे। उन्होंने अपनी संपत्ति पर 100 से ज्यादा शेड बनाकर उन्हें किराए पर दे रखा था। जांचकर्ता मान रहे हैं कि उनकी इस बड़ी संपत्ति से जुड़े विवाद भी हत्या का एक अहम कारण हो सकते हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इस हत्या की साजिश किसी ऐसे व्यक्ति ने तो नहीं रची, जिसकी नजर मंजूनाथ की संपत्ति पर थी। फिलहाल, पुलिस हमलावरों की पहचान करने और उनकी गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
इनपुट: IANS



