बर्दवान: पॉश सोसाइटी से जैश का संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, मुख्यमंत्री की गतिविधियों पर रख रहा था नजर
पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी कार्रवाई में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह गिरफ्तारी पूर्वी…
पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी कार्रवाई में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह गिरफ्तारी पूर्वी बर्दवान जिले के एक पॉश हाउसिंग कॉम्प्लेक्स से की गई। आरोपी की पहचान कश्मीर निवासी हामिद मंडल के रूप में हुई है, हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह उसका असली नाम है या नहीं।
गिरफ्तारी के बाद हामिद मंडल को बर्दवान की जिला अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस पूछताछ के लिए उसकी कस्टडी की मांग करेगी। आरोपी दुर्गापुर एक्सप्रेसवे के पास स्थित 'रेनेसां कॉम्प्लेक्स' में किराए के एक फ्लैट में रह रहा था।
मुख्यमंत्री के शेड्यूल से जुड़े दस्तावेज बरामद
शुरुआती जांच में एसटीएफ को कई चौंकाने वाली जानकारियां मिली हैं। अधिकारियों ने हामिद के पास से राज्य के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के दैनिक शेड्यूल से जुड़े कुछ दस्तावेज बरामद किए हैं। इसके अलावा, कुछ अन्य वीवीआईपी की यात्रा से संबंधित जानकारी भी उसके कब्जे से मिली है।
एक और चिंताजनक बात यह है कि बर्दवान में बसने से पहले हामिद कोलकाता के न्यूटाउन इलाके में भी एक किराए के मकान में रहता था, जो मुख्यमंत्री के घर से ज्यादा दूर नहीं था।
ISI से ट्रेनिंग और युवाओं का ब्रेनवाश
जांच अधिकारियों को यह भी पता चला है कि हामिद मंडल काफी समय तक पाकिस्तान में रहा है और उसने आईएसआई से ट्रेनिंग ली है। पश्चिम बंगाल में वह जैश-ए-मोहम्मद के हैंडलर के तौर पर काम कर रहा था। उसका मुख्य काम मुस्लिम युवाओं का ब्रेनवाश करके उन्हें आतंकी संगठनों में भर्ती के लिए उकसाना और फिर ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान भेजना था।
एसटीएफ ने न्यू टाउन और बर्दवान में उन मकान मालिकों से भी पूछताछ शुरू कर दी है, जिन्होंने हामिद को अपने फ्लैट किराए पर दिए थे। साथ ही, फ्लैट किराए पर लेते समय जमा किए गए पहचान पत्रों की भी जांच की जा रही है।
इनपुट: IANS



