शनिवार, 28 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

बांग्लादेश: शेख हसीना के पूर्व सहयोगी समेत तीन लोग जेल भेजे गए, आतंकवाद निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज

बांग्लादेश की राजधानी ढाका की एक अदालत ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के एक पूर्व सहयोगी समेत तीन लोगों को जेल भेज दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन तीनों पर आतंकवाद निरोधक कानून…

बांग्लादेश: शेख हसीना के पूर्व सहयोगी समेत तीन लोग जेल भेजे गए, आतंकवाद निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज
(फोटो: IANS)

बांग्लादेश की राजधानी ढाका की एक अदालत ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के एक पूर्व सहयोगी समेत तीन लोगों को जेल भेज दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन तीनों पर आतंकवाद निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों में शेख हसीना के पूर्व डिप्टी प्रेस सचिव के.एम. शखावत मून भी शामिल हैं।

विज्ञापन

ढाका मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कमालउद्दीन ने पुलिस की अर्जी पर यह आदेश जारी किया। इस मामले में अन्य दो आरोपी मदारीपुर के पूर्व डिप्टी कमिश्नर इलियास हुसैन और टैक्स वकील सूफी मोहम्मद अल मामुन हैं। राज्य पक्ष के वकील शम्सुद दोहा सुमन ने इस घटनाक्रम की पुष्टि की है। यह मामला ढाका के मोहम्मदपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस याचिका के अनुसार, 25 नवंबर को लालमाटिया महिला कॉलेज के सामने आवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कुछ नेताओं-कार्यकर्ताओं ने एक जुलूस निकाला था। स्थानीय लोगों ने इनमें से कुछ को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि 20-25 अन्य लोग मौके से भागने में कामयाब रहे।

बांग्लादेशी अखबार 'प्रोथोम आलो' के हवाले से बताया गया है कि मामले के जांच अधिकारी, सब-इंस्पेक्टर मसूदुर रहमान ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। पुलिस ने अपनी अर्जी में कहा कि शुरुआती जांच में आरोपियों के खिलाफ कुछ सबूत मिले हैं, इसलिए जांच पूरी होने तक उन्हें हिरासत में रखना जरूरी है। इसके बाद अदालत ने उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया।

बढ़ती राजनीतिक हिंसा पर आवामी लीग की चिंता

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के समय शुरू हुआ आवामी लीग नेताओं पर एक्शन, बीएनपी सरकार में भी जारी है। आवामी लीग ने हाल ही में अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं की सुरक्षा पर गहरी चिंता व्यक्त की थी। पार्टी का कहना है कि अगले महीने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की देश वापसी की घोषणा के बाद से हिंसा की घटनाएं बढ़ी हैं।

पार्टी ने नाराइल जिले के कालिया उपजिला में अपने कार्यकर्ताओं के 50 से अधिक घरों और कई दुकानों में आगजनी का भी जिक्र किया। पार्टी ने सवाल उठाया कि अगर बीएनपी सरकार को जनता का समर्थन प्राप्त है तो वह एक राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी की वापसी को खतरे के रूप में क्यों देख रही है। पार्टी ने कहा कि लोगों को अपने घरों में सुरक्षित रहने और बिना डर के व्यापार करने का बुनियादी अधिकार है, जो राजनीतिक पहचान के कारण छीना नहीं जा सकता।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →