शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश

कानपुर: 16 साल की शादी, 2 बच्चे, फिर भी पति ने दिया तीन तलाक, महिला ने लगाई न्याय की गुहार

शादी के 16 साल और दो बच्चों के होने के बावजूद उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक महिला को उसके पति ने तीन तलाक दे दिया। पीड़िता आफरीन ने अपने पति पर अवैध संबंध रखने और विरोध करने पर मारपीट व घर से निकालने…

कानपुर: 16 साल की शादी, 2 बच्चे, फिर भी पति ने दिया तीन तलाक, महिला ने लगाई न्याय की गुहार
(फोटो: IANS)

शादी के 16 साल और दो बच्चों के होने के बावजूद उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक महिला को उसके पति ने तीन तलाक दे दिया। पीड़िता आफरीन ने अपने पति पर अवैध संबंध रखने और विरोध करने पर मारपीट व घर से निकालने का आरोप लगाया है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन

पीड़िता ने बताया कि उनके पति का उसी इलाके की एक दूसरी महिला से अफेयर चल रहा था। आफरीन के मुताबिक, "7 जुलाई को मैंने अपने पति को दूसरी महिला के साथ रंगे हाथों पकड़ा था। ऐसा कई बार हुआ है। मैंने कई बार समझाने और बात करने की कोशिश की, वह नहीं माने।"

लड़ाई के बाद दिया तीन तलाक

आफरीन ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने अपने पति को रंगे हाथों पकड़ा तो दोनों के बीच जबरदस्त लड़ाई हुई। रिश्तेदारों को भी बुलाया गया, लेकिन पति ने साफ कह दिया कि "वह (दूसरी महिला) उसके लिए सब कुछ है और तलाक देकर उससे निकाह करेगा।" पीड़िता का यह भी कहना है कि उनके साथ मारपीट की गई और घर का खर्च भी नहीं उठाया जाता था।

उनके अनुसार, 12 अगस्त की रात लगभग 9:30 बजे पति ने दोनों बेटों के सामने ही उन्हें तीन तलाक बोल दिया और घर से निकाल दिया। इसके बाद उन्होंने चमनगंज पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच जारी

कानपुर के डीसीपी (सेंट्रल) अतुल श्रीवास्तव ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी के खिलाफ चमनगंज थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच चल रही है। पुलिस ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट, नाजायज रिश्ते और मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

महिला ने यह भी शिकायत की थी कि पुलिस शुरू में उनकी शिकायत दर्ज नहीं कर रही थी। इस पर डीसीपी ने बताया कि पहले मामले में सुलह की कोशिश की जा रही थी, लेकिन जैसे ही तीन तलाक का मामला सामने आया, तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली गई। पीड़िता ने अपने पति की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

इनपुट: IANS

N

News4Social उत्तर प्रदेश डेस्क

News4Social उत्तर प्रदेश डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से उत्तर प्रदेश से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →