आदित्य बिड़ला सन लाइफ AMC: मुनाफा घटा, पर SIP रजिस्ट्रेशन में दिखी मजबूत ग्रोथ
खर्चों में बढ़ोतरी और अन्य आय में भारी गिरावट के चलते आदित्य बिड़ला सन लाइफ एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC) के मुनाफे पर दबाव देखने को मिला है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, कंपनी ने चालू वित्त वर्ष…
खर्चों में बढ़ोतरी और अन्य आय में भारी गिरावट के चलते आदित्य बिड़ला सन लाइफ एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC) के मुनाफे पर दबाव देखने को मिला है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, कंपनी ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में ₹221 करोड़ का शुद्ध लाभ दर्ज किया है, जो पिछली तिमाही की तुलना में 28.6% कम है।
हालांकि, कंपनी के लिए सभी आंकड़े नकारात्मक नहीं हैं। तिमाही आधार पर कंपनी के परिचालन से राजस्व (Revenue from Operations) 4.5% बढ़कर ₹483.81 करोड़ हो गया। इसके अलावा, सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) के मोर्चे पर भी कंपनी ने शानदार प्रदर्शन किया है।
मुनाफे और मार्जिन पर दबाव
राजस्व बढ़ने के बावजूद कंपनी का मुनाफा घट गया। इसकी मुख्य वजह कर्मचारी खर्चों में 8.5% की बढ़ोतरी और अन्य स्रोतों से होने वाली आय (Other Income) में करीब 74% की तेज गिरावट रही। इन वजहों से कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन भी मामूली रूप से घटकर 55.4% पर आ गया, जो जून तिमाही में 55.6% था। हालांकि, कंपनी का परिचालन लाभ (Operating Profit) 4% की मामूली वृद्धि दर्ज करने में सफल रहा।
बाजार हिस्सेदारी और AUM की स्थिति
आंकड़ों के मुताबिक, प्रबंधन के तहत कंपनी की औसत संपत्तियां (QAAUM) 3.3% बढ़कर ₹4.42 लाख करोड़ हो गईं। यह वृद्धि इंडस्ट्री की औसत 5% की ग्रोथ से कम रही। इसका असर कंपनी की बाजार हिस्सेदारी पर भी पड़ा, जो सितंबर के अंत में 10 बेसिस प्वाइंट घटकर 5.7% रह गई।
इक्विटी एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) में 5.3% की बढ़ोतरी तो हुई, लेकिन इक्विटी बाजार में हिस्सेदारी 5 बेसिस प्वाइंट गिरकर 3.9% पर आ गई। कुल म्यूचुअल फंड संपत्ति में इक्विटी की हिस्सेदारी पिछली तिमाही से 90 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 47.4% हो गई है।
SIP पंजीकरण से मिली राहत
इस तिमाही में कंपनी के लिए सबसे सकारात्मक संकेत SIP पंजीकरण में आई मजबूती रही। नए SIP रजिस्ट्रेशन की संख्या पिछली तिमाही के 5.47 लाख से बढ़कर 7.05 लाख हो गई। यह खुदरा निवेशकों के बढ़ते भरोसे को दिखाता है। हालांकि, कुल SIP योगदान अभी भी वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के अपने उच्चतम स्तर से कम है। नतीजों की घोषणा के बाद कंपनी के शेयर में शुरुआती गिरावट देखी गई, लेकिन बाद में इसमें कुछ सुधार हुआ।
इनपुट: IANS



