शुक्रवार, 6 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
अपराध

केरल: इलाज के बहाने डॉक्टर को फ्लैट पर बुलाया, अभिनेत्री समेत 3 पर मारपीट और लूट का आरोप

केरल के कोच्चि में एक डॉक्टर को कथित तौर पर इलाज के बहाने फ्लैट पर बुलाकर बेरहमी से पीटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने मलयालम अभिनेत्री अतुल्या चंद्रा समेत तीन लोगों को…

केरल: इलाज के बहाने डॉक्टर को फ्लैट पर बुलाया, अभिनेत्री समेत 3 पर मारपीट और लूट का आरोप
(फोटो: IANS)

केरल के कोच्चि में एक डॉक्टर को कथित तौर पर इलाज के बहाने फ्लैट पर बुलाकर बेरहमी से पीटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने मलयालम अभिनेत्री अतुल्या चंद्रा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 2 नवंबर की है और इसमें कुल 12 लोगों को आरोपी बनाया गया है।

विज्ञापन

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, अभिनेत्री अतुल्या और पीड़ित डॉक्टर पहले से दोस्त थे। आरोप है कि अतुल्या ने डॉक्टर को फोन कर अपनी मौसी की तबीयत खराब होने की बात कही और तत्काल मदद के लिए अपने फ्लैट पर आने का अनुरोध किया। दोस्त पर भरोसा कर डॉक्टर शाम करीब 6:30 बजे कोच्चि के एक अपार्टमेंट में पहुंच गए।

धोखे से बुलाकर मारपीट का आरोप

डॉक्टर ने अपनी शिकायत में बताया कि जब वह फ्लैट पर पहुंचे तो वहां कोई मरीज नहीं था, बल्कि कुछ लोग पहले से उनका इंतजार कर रहे थे। आरोप है कि जैसे ही वह अंदर गए, उन्हें बाहर जाने से रोक दिया गया और धमकाया गया। शिकायत के मुताबिक, फ्लैट में अतुल्या समेत 12 लोग मौजूद थे, जिन्होंने डॉक्टर पर हमला कर दिया।

मुख्य आरोपी बिबिन ने कथित तौर पर डॉक्टर के चेहरे पर मुक्का मारा, जिसके बाद अन्य लोगों ने भी उन्हें एक कुर्सी पर बैठाकर पीटा। मारपीट के बाद आरोपियों ने डॉक्टर का मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान भी छीन लिया। चोरी किए गए फोन की कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई जा रही है।

पुलिस जांच और गिरफ्तारियां

किसी तरह वहां से निकलने में कामयाब रहे डॉक्टर ने कदवंथरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अतुल्या चंद्रा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस बाकी नौ आरोपियों की तलाश कर रही है और उनकी पहचान को लेकर कुछ अहम सुराग मिलने का दावा किया है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस हमले के पीछे कोई आर्थिक विवाद था या निजी दुश्मनी।

इनपुट: IANS

N

News4Social क्राइम डेस्क

News4Social क्राइम डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अपराध और कानून से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →