अब्दुल एल-सैयद ने रचा इतिहास, अमेरिकी सीनेट में पहुंचने वाले पहले मुस्लिम सदस्य बने
अमेरिकी राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया है, जहाँ मिशिगन राज्य से डेमोक्रेट नेता अब्दुल एल-सैयद ने जीत हासिल कर इतिहास रच दिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, वे अमेरिकी सीनेट के लिए चुने जाने…
अमेरिकी राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया है, जहाँ मिशिगन राज्य से डेमोक्रेट नेता अब्दुल एल-सैयद ने जीत हासिल कर इतिहास रच दिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, वे अमेरिकी सीनेट के लिए चुने जाने वाले पहले मुस्लिम सदस्य बन गए हैं। इस कांटे की टक्कर में उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक रोजर्स को हराया।
अपनी ऐतिहासिक जीत के बाद डेट्रॉइट स्थित चुनावी मुख्यालय में समर्थकों को संबोधित करते हुए एल-सैयद ने कहा, "मिशिगन, हमने कर दिखाया! मुझे बहुत गर्व और सम्मान महसूस हो रहा है कि मैं आज आपके सामने मिशिगन राज्य के नए सीनेटर के रूप में खड़ा हूं।" उनकी यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि 1969 के बाद वे सीनेट में पहुंचने वाले पहले डेमोक्रेट डॉक्टर भी हैं।
चुनौतियों भरा राजनीतिक सफर
अब्दुल एल-सैयद के लिए यह सफर आसान नहीं था। इससे पहले उन्होंने कभी कोई निर्वाचित पद नहीं संभाला था और 2018 में मिशिगन के गवर्नर पद के लिए डेमोक्रेटिक प्राइमरी में उन्हें बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। इस चुनाव में भी अंतिम दौर में उन्हें एक झटका लगा, जब डेमोक्रेटिक प्राइमरी में उनसे हारने वाली कांग्रेस सदस्य हेली स्टीवंस ने उनके प्रतिद्वंद्वी, रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक रोजर्स का समर्थन कर दिया था। इन चुनौतियों के बावजूद, एल-सैयद जीत हासिल करने में कामयाब रहे।
स्वास्थ्य और सुधार पर केंद्रित अभियान
एल-सैयद का चुनाव अभियान मुख्य रूप से तीन स्तंभों पर टिका था: सभी के लिए स्वास्थ्य सेवा (यूनिवर्सल हेल्थ केयर), राजनीति में धन के प्रभाव को कम करना और इजरायल की नीतियों की आलोचना। मतदान से ठीक एक दिन पहले उन्होंने कहा था, "हर व्यक्ति को बिना भारी-भरकम बिल की चिंता किए डॉक्टर से इलाज करवाने का अधिकार होना चाहिए।" उन्होंने अमेरिका की अरबों डॉलर की मुनाफे पर आधारित स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार लाने और आम लोगों की आर्थिक समस्याओं को दूर करने का वादा किया है।
मिस्र से मिशिगन तक की कहानी
मिस्र मूल के अब्दुल एल-सैयद का जन्म और पालन-पोषण दक्षिण-पूर्वी मिशिगन में ही हुआ। उनके पिता मोहम्मद एल-सय्यद मिस्र से अमेरिका आए थे। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन से पढ़ाई की और बाद में कोलंबिया यूनिवर्सिटी से मेडिकल डिग्री और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से रोड्स स्कॉलर के रूप में दूसरी डॉक्टरेट की डिग्री हासिल की। वर्तमान में वे अपनी पत्नी सारा और दो बेटियों के साथ मिशिगन के एन आर्बर शहर में रहते हैं।
इनपुट: IANS



