पंजाबी बाग में DTC बस ने बाइक को रौंदा, 22 वर्षीय युवक की मौत के बाद लोगों का प्रदर्शन
पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार डीटीसी बस ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार वालों और…
पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार डीटीसी बस ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार वालों और स्थानीय लोगों ने आरोपी बस ड्राइवर की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा बुधवार सुबह करीब 7:23 बजे हुआ, जिसकी सूचना पंजाबी बाग पुलिस स्टेशन को एक पीसीआर कॉल के जरिए मिली। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान पंजाबी बाग की इंदिरा कॉलोनी निवासी सोनू के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ झुग्गियों में रहता था। अधिकारियों ने कहा, "कॉल मिलने पर जब जांच अधिकारी (आईओ) घटनास्थल पर पहुंचे, तो पता चला कि एक डीटीसी बस ने एक मोटरसाइकिल सवार को कुचल दिया था।"
पुलिस अब घटना में शामिल डीटीसी बस की पहचान करने और उसका पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून के अनुसार आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हाल के महीनों में DTC बसों से हुए हादसे
यह घटना दिल्ली में डीटीसी बसों से जुड़ी दुर्घटनाओं की श्रृंखला में नई कड़ी है।
• 19 अक्टूबर: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज में एक डीटीसी बस की टक्कर से एक मोटरसाइकिल सवार की जान चली गई थी।
• 17 अक्टूबर: आनंद पर्वत इलाके में एक डीटीसी बस बेकाबू हो गई थी। टिकरी बॉर्डर की ओर जा रही इस बस ने कई गाड़ियों और पैदल चलने वालों को टक्कर मार दी थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। बस ने एक ई-रिक्शा, दो बाइक और एक स्कूटर सवार को अपनी चपेट में ले लिया था।
• सितंबर: नजफगढ़-नांगलोई रोड पर राठी अस्पताल के सामने एक डीटीसी बस और स्कूटर की टक्कर में 19 वर्षीय हिमांशु की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था। हरियाणा के बहादुरगढ़ निवासी हिमांशु के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। इस मामले में 33 वर्षीय बस ड्राइवर अमित दहिया को गिरफ्तार किया गया था।
इनपुट: IANS



