इंडिया गठबंधन का ओडिशा बंद: चार मांगों को लेकर राज्य भर में चक्का जाम, जनजीवन प्रभावित
ओडिशा में गुरुवार को इंडिया गठबंधन द्वारा बुलाए गए 12 घंटे के बंद का व्यापक असर देखने को मिला, जिससे पूरे राज्य में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक…
ओडिशा में गुरुवार को इंडिया गठबंधन द्वारा बुलाए गए 12 घंटे के बंद का व्यापक असर देखने को मिला, जिससे पूरे राज्य में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस के नेतृत्व में कई विपक्षी दलों ने चार प्रमुख मांगों को लेकर इस राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया था।
बंद समर्थकों ने कई जगहों पर नेशनल और स्टेट हाईवे पर टायर जलाकर यातायात को बाधित कर दिया। इसके चलते यात्री बसें, ऑटो-रिक्शा और ट्रक सड़कों से नदारद रहे, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सैकड़ों गाड़ियां हाईवे पर फंसी रहीं। राज्य के प्रमुख शहरों में व्यावसायिक प्रतिष्ठान और निजी संस्थान भी बंद रहे। कुछ स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने ट्रेनों को रोकने की कोशिश की, जिससे रेल सेवाएं भी कुछ घंटों के लिए प्रभावित हुईं। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबरें भी सामने आईं।
बंद की मुख्य मांगें और कांग्रेस का पक्ष
ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने मीडिया को बताया कि यह बंद चार सूत्रीय मांगों को लेकर किया गया है। उनकी प्रमुख मांग स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के चलते मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा है। इसके अलावा, गठबंधन एमएमडीआर संशोधन अधिनियम 2026 को रद्द करने, पाठ्यपुस्तकों में कथित गलतियों को लेकर स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड के इस्तीफे और बाढ़ पीड़ितों के लिए तत्काल मुआवजे की मांग कर रहा है।
दास ने दावा किया कि बंद शांतिपूर्ण रहा और इसे ग्रामीण इलाकों में शहरी क्षेत्रों से भी ज़्यादा समर्थन मिला। उन्होंने कहा, “पूरे राज्य में स्कूल, कॉलेज, संस्थान, बाजार और ट्रांसपोर्ट सर्विस प्रभावित हुई हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि भुवनेश्वर में पर्यटकों और आपातकालीन सेवाओं को असुविधा से बचाने के लिए कुछ छूट दी गई थी। भक्त चरण दास ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानीं तो आने वाले दो महीनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इनपुट: IANS



