मुजफ्फरपुर: हार्वेस्टर ठीक करने आए मैकेनिक की हत्या, आरोपी ड्राइवर पंजाब के बठिंडा से गिरफ्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर में एक हार्वेस्टर मशीन की मरम्मत को लेकर हुआ मामूली विवाद एक मैकेनिक की जान ले बैठा। हत्या के बाद फरार हुए आरोपी ड्राइवर को पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी…
बिहार के मुजफ्फरपुर में एक हार्वेस्टर मशीन की मरम्मत को लेकर हुआ मामूली विवाद एक मैकेनिक की जान ले बैठा। हत्या के बाद फरार हुए आरोपी ड्राइवर को पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, यह घटना जिले के बोचांहा थाना क्षेत्र स्थित बल्थी रसूलपुर गांव की है, जहाँ खेत में काम के दौरान यह वारदात हुई।
जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय किसान ने पंजाब से खेती के लिए हार्वेस्टर मंगवाया था। मशीन में खराबी आने पर मालिक ने पंजाब से ही मैकेनिक अमरजीत सिंह को मरम्मत के लिए मुजफ्फरपुर भेजा। जब अमरजीत सिंह मशीन ठीक कर रहे थे, तभी हार्वेस्टर के ड्राइवर गुरप्रीत सिंह से उनकी किसी बात पर कहासुनी हो गई।
विवाद इतना बढ़ा कि ले ली जान
विवाद बढ़ने पर गुरप्रीत ने आपा खो दिया और हार्वेस्टर में रखी लोहे की रॉड से मैकेनिक अमरजीत के सिर पर हमला कर दिया। इस हमले में अमरजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें फौरन एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गुरप्रीत सिंह मौके से फरार हो गया था।
पंजाब से हुई आरोपी की गिरफ्तारी
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि मृतक अमरजीत के भाई की शिकायत पर बोचांहा थाने में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पंजाब पुलिस की मदद से बठिंडा में छापेमारी कर आरोपी गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



