रांची जमीन मामला: सुनवाई से पहले JMM को भरोसा, 'हमारे नेता बेकसूर हैं, कोर्ट से न्याय मिलेगा'
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ रांची के बड़गाईं जमीन मामले में सोमवार को एक अहम सुनवाई होनी है। इस सुनवाई से पहले उनकी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने पूरा भरोसा जताया है कि सोरेन इस…
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ रांची के बड़गाईं जमीन मामले में सोमवार को एक अहम सुनवाई होनी है। इस सुनवाई से पहले उनकी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने पूरा भरोसा जताया है कि सोरेन इस मामले में बेदाग साबित होंगे। समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में JMM प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री निर्दोष हैं और उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के जरिए इंसाफ मिलेगा।
सोमवार को रांची की विशेष पीएमएलए कोर्ट में 8.86 एकड़ जमीन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के इस मामले में हेमंत सोरेन के खिलाफ आरोप तय करने पर सुनवाई निर्धारित है। मनोज पांडे ने कहा, "सीएम हेमंत सोरेन को सोमवार को कोर्ट में पेश होना है और वे होंगे। यह न्यायिक प्रक्रिया है और सीएम हेमंत सोरेन दोषमुक्त होंगे।"
न्यायपालिका पर पूरा भरोसा: JMM
पार्टी ने न्यायपालिका पर अपना विश्वास दोहराते हुए कहा कि उन्हें पहले भी अदालत से राहत मिल चुकी है। पांडे ने IANS को बताया, "हमें पहले भी न्यायालय से इंसाफ मिला है। जमानत हाईकोर्ट ने ही दी थी और टिप्पणी भी की थी कि कोई मामला नहीं बनता। हमारे नेता बेकसूर हैं। लाख प्रयास करने के बावजूद भी कोई तथ्य, कोई साक्ष्य जुटा नहीं पाएंगे और बहुत जल्द सीएम न्यायालय से बरी होंगे।"
JMM ने अन्य मुद्दों पर भी भाजपा को घेरा
JMM प्रवक्ता ने बातचीत के दौरान JSSC-CGL परीक्षा विवाद से लेकर कोयला चोरी तक के मुद्दों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा। उन्होंने JSSC-CGL परीक्षा मामले में सरकार द्वारा दिए गए हलफनामे को छात्रों के हित में उठाया गया कदम बताया। उन्होंने कहा, "निष्पक्ष जांच हो रही है... जो छात्र हित में उचित है, वह हलफनामा सरकार ने दिया।" इस दौरान उन्होंने बिहार में दरोगा बहाली में गड़बड़ी का आरोप भी लगाया।
मनोज पांडे ने भाजपा शासित राज्यों की आलोचना करते हुए कहा, "152 परीक्षा लीक करने वाले, व्यापम घोटाला करने वाले, नीट में घोटाला करने वाले, संजीव मुखिया को बरी कर देने वाले, आप उससे तुलना कीजिए हमारी सरकार की, हमारी सरकार प्रो-स्टूडेंट है, हम छात्रों के साथ हैं।"
कोयला चोरी रोकने की गृह मंत्रालय की 'जीरो कोल लीकेज' रणनीति पर पांडे ने भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने इसे हास्यास्पद बताते हुए कहा कि पार्टी को पहले कोयला तस्करी के लिए जाने जाने वाले अपने दो सांसदों पर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्यादातर कोल माफिया भाजपा में हैं।
इनपुट: IANS



