गुरुग्राम हिट एंड रन: SIT करेगी जांच, आरोपी ड्राइवर और उसका भाई पुलिस रिमांड पर
गुरुग्राम के चर्चित गोल्फ कोर्स रोड हिट एंड रन मामले में जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, एक ACP की निगरानी में यह टीम काम करेगी और…
गुरुग्राम के चर्चित गोल्फ कोर्स रोड हिट एंड रन मामले में जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, एक ACP की निगरानी में यह टीम काम करेगी और इसमें एक थाना प्रभारी, एक क्राइम ब्रांच प्रभारी और दो ASI भी शामिल होंगे। पुलिस अधिकारियों ने टीम को जल्द से जल्द सबूत जुटाकर एक मज़बूत चार्जशीट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
यह घटना उस समय सुर्खियों में आई जब एक तेज़ रफ़्तार कार द्वारा महिला बाइकर को टक्कर मारने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद देश भर में आक्रोश फैल गया था। पुलिस ने इस वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था।
मामले की ताज़ा स्थिति
इस बीच, बुधवार को गुरुग्राम की एक अदालत ने मुख्य आरोपी ड्राइवर कल्याण बैंसला और उसके चचेरे भाई लवनीश को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास (जेएमएफसी) निधि बेनीवाल के सामने पेशी के बाद यह फैसला आया। दोनों को 18 सितंबर को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने यह कार्रवाई मंगलवार को आरोपियों की गिरफ्तारी के एक दिन बाद की, जिसमें बैंसला को राजस्थान के दौसा से और लवनीश को हरियाणा के पलवल से पकड़ा गया था। आरोप है कि घटना के वक्त कार में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें लवनीश भी शामिल था।
पीड़िता ने की कड़ी सजा की मांग
पीड़िता सिया और उनके परिवार द्वारा सख्त कार्रवाई की मांग के बाद गुरुग्राम पुलिस ने FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या की कोशिश) को भी जोड़ा है। विस्तृत जांच और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के बाद यह धारा जोड़ी गई, जिसमें 10 साल तक की सज़ा का प्रावधान है।
पीड़िता सिया ने भी बुधवार को कार में सवार सभी चार लोगों के लिए कड़ी सजा की मांग की। IANS से बात करते हुए उन्होंने कहा, "मुझे अदालत से बहुत उम्मीदें हैं और मैं इस मामले में न्याय चाहती हूं। मैंने कल अदालत में कहा था कि कार में सवार चारों लोगों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उन सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्हें कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि कोई भी ऐसी हरकत करने के बारे में सोचने से पहले दो बार सोचे।"
इनपुट: IANS



