GATE 2027 के आधार पर ग्रिड-इंडिया में एग्जीक्यूटिव ट्रेनी की भर्ती, 52 पदों के लिए आवेदन जल्द
इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे युवाओं के लिए ग्रिड कंट्रोलर ऑफ इंडिया लिमिटेड (Grid-India) में नौकरी का एक बड़ा अवसर आने वाला है। जो उम्मीदवार ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE) 2027 में…
इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे युवाओं के लिए ग्रिड कंट्रोलर ऑफ इंडिया लिमिटेड (Grid-India) में नौकरी का एक बड़ा अवसर आने वाला है। जो उम्मीदवार ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE) 2027 में शामिल होने की योजना बना रहे हैं, वे इस भर्ती के लिए पात्र हो सकते हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, ग्रिड-इंडिया ने एग्जीक्यूटिव ट्रेनी के कुल 52 पदों के लिए भर्ती की घोषणा की है।
इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया गेट-2027 के परिणाम घोषित होने के बाद शुरू की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार ग्रिड-इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। घोषित रिक्तियों में 37 पद एग्जीक्यूटिव ट्रेनी (इलेक्ट्रिकल) और 15 पद एग्जीक्यूटिव ट्रेनी (कंप्यूटर साइंस) के लिए हैं।
पात्रता और आयु सीमा
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से संबंधित विषय में न्यूनतम 65 प्रतिशत अंकों के साथ बीई, बीटेक, बीएससी (इंजीनियरिंग) या इंटीग्रेटेड डुअल डिग्री (IDD) की फुल-टाइम रेगुलर डिग्री होनी चाहिए। आयु सीमा की गणना 31 जुलाई, 2027 के आधार पर की जाएगी, जिसके अनुसार न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
चयन प्रक्रिया और वेतन
उम्मीदवारों का चयन कई चरणों के आधार पर होगा। सबसे पहले गेट-2027 के स्कोर, फिर ग्रुप डिस्कशन (GD) और पर्सनल इंटरव्यू (PI) में प्रदर्शन के आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। अंतिम रूप से चयनित होने के लिए मेडिकल फिटनेस टेस्ट भी पास करना होगा। चयनित उम्मीदवारों को प्रति माह 50,000 रुपये से लेकर 1,60,000 रुपये के वेतनमान के साथ अन्य भत्ते और लाभ भी मिलेंगे।
आवेदन शुल्क
आवेदन करते समय सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों को 500 रुपये का शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। वहीं, एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी, पूर्व-सैनिक और विभागीय उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क के भुगतान से छूट दी गई है।
इनपुट: IANS



