ग्रेटर नोएडा: त्योहारों से पहले लाखों के अवैध पटाखे जब्त, पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में त्योहारों का मौसम शुरू होने से पहले ही पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी सिलसिले में ग्रेटर नोएडा के दादरी इलाके में पुलिस…
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में त्योहारों का मौसम शुरू होने से पहले ही पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी सिलसिले में ग्रेटर नोएडा के दादरी इलाके में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब चार लाख रुपये के अवैध पटाखों का जखीरा बरामद किया है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
पुलिस ने यह कार्रवाई 9 सितंबर को स्थानीय खुफिया जानकारी और बीट पुलिसिंग से मिले एक इनपुट के आधार पर की। सूचना पर दादरी थाना पुलिस की टीम ने एनटीपीसी कट के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप गाड़ी में सवार दो लोगों को संदिग्ध गतिविधि के आधार पर रोका गया।
छापेमारी में क्या-क्या मिला?
जांच के दौरान पुलिस को गाड़ी से अलग-अलग कंपनियों के पटाखों से भरे करीब 20 कार्टून मिले। पुलिस ने बताया कि इन जब्त किए गए पटाखों की अनुमानित कीमत लगभग चार लाख रुपये है। पुलिस ने पटाखों के परिवहन में इस्तेमाल हो रही बोलेरो पिकअप गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
कौन हैं गिरफ्तार आरोपी?
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हाथरस निवासी 30 वर्षीय शिवकुमार और बदायूं निवासी 19 वर्षीय रामकुमार के रूप में की है। फिलहाल, दोनों गौतमबुद्ध नगर के बादलपुर थाना क्षेत्र के अच्छेजा गांव में रह रहे थे। दादरी पुलिस ने दोनों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पटाखों की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की योजना थी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इन आरोपियों के तार अवैध पटाखों की बिक्री करने वाले किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हैं।
इनपुट: IANS



