ग्रेटर नोएडा: 14 लाख की MDMA ड्रग्स के साथ विदेशी मास्टरमाइंड समेत 3 तस्कर गिरफ्तार
दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, एक नाइजीरियाई नागरिक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो
दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, एक नाइजीरियाई नागरिक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो दिल्ली-एनसीआर की सोसाइटियों में ऊंचे दामों पर MDMA ड्रग्स की सप्लाई करते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 14 लाख रुपये की ड्रग्स, नकदी और अन्य सामान बरामद किया है।
गौतमबुद्धनगर पुलिस की थाना बीटा-2 और एसओजी (ग्रेटर नोएडा) की संयुक्त टीम ने एक गोपनीय सूचना पर कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की। आरोपियों को सेक्टर चाई-4 स्थित जनता फ्लैट सर्विस रोड से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का संचालन नाइजीरियाई नागरिक चिडुबेम स्टेनली कर रहा था, जिसे नेटवर्क का मास्टरमाइंड माना जा रहा है।
जेल से जमानत पर बाहर था मास्टरमाइंड
पूछताछ में सामने आया है कि नाइजीरिया के लागोस का रहने वाला चिडुबेम स्टेनली फिलहाल दिल्ली के उत्तम नगर में रह रहा था। वह पहले भी ड्रग्स तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। दिल्ली में वर्ष 2025 में उस पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वह गिरफ्तार हुआ था। फिलहाल वह जमानत पर बाहर था और उसने दोबारा अपना नेटवर्क सक्रिय कर लिया था।
गिरफ्तार किए गए अन्य दो आरोपियों की पहचान गाजियाबाद निवासी अरुण कसाना और ग्रेटर नोएडा की सम्पूर्णम सोसाइटी में रहने वाले अतुल सिंह के रूप में हुई है। ये लोग संगठित तरीके से सस्ते दाम पर एमडीएमए खरीदकर उसे छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक करते थे और फिर छात्रों व युवाओं को ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे।
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस टीम ने आरोपियों के पास से 143 ग्राम MDMA ड्रग्स, ड्रग्स तौलने के लिए एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, तस्करी में इस्तेमाल होने वाली एक स्कूटी (यूपी-14-एचई-2973) और 17,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि यह नकदी ड्रग्स की बिक्री से ही जुटाई गई थी।
तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना बीटा-2 में एनडीपीएस एक्ट और विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और ड्रग्स सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके।
इनपुट: IANS



