यमुना एक्सप्रेसवे बस हादसा: यात्रियों ने पहले ही दी थी जलने की बदबू की सूचना, FIR में ड्राइवर-कंडक्टर पर गंभीर आरोप
यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक बस में आग लगने से 9 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले में दर्ज एफआईआर में बस के चालक और परिचालक पर जानबूझकर घोर…
यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक बस में आग लगने से 9 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले में दर्ज एफआईआर में बस के चालक और परिचालक पर जानबूझकर घोर लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, एक यात्री ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि आग लगने से काफी पहले ही यात्रियों ने बस में जलने की बदबू आने की सूचना दे दी थी, लेकिन उसे नजरअंदाज कर दिया गया।
यह भीषण हादसा ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 33 के पास तब हुआ, जब राज कल्पना ट्रेवल्स की बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से यात्रियों को लेकर आगरा की ओर जा रही थी। बस में लगभग 30 से 35 लोग सवार थे।
यात्रियों की शिकायत पर नहीं दिया ध्यान
हमीरपुर निवासी यात्री सुनील कुमार द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, सफर के दौरान ड्राइवर के केबिन की तरफ से कुछ जलने की तेज गंध आने लगी थी। जब यात्रियों ने इस बारे में चालक और परिचालक को बताया, तो उन्होंने इसे यह कहकर टाल दिया कि बस में ऐसी बदबू आती रहती है। অভিযোগ है कि चेतावनी के बावजूद बस को रोककर जांच नहीं की गई।
एफआईआर में चौंकाने वाले आरोप
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि ड्राइवर और कंडक्टर अपने केबिन में बीड़ी-सिगरेट पी रहे थे और यात्रियों की बात सुनकर आपस में हंस रहे थे। कुछ ही देर में ड्राइवर सीट के पास से आग की लपटें उठने लगीं, जिससे बस में अफरातफरी मच गई। शिकायत के अनुसार, जब यात्रियों ने बस रोकने के लिए शोर मचाया तो ड्राइवर ने कथित तौर पर कहा, "मरना है तो मरो, बस नहीं रोकेंगे।" हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही इन आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
आग और धुएं में फंसे यात्री
देखते ही देखते आग पूरी बस में फैल गई और अंदर धुआं भर गया। चीख-पुकार के बीच सुनील कुमार समेत कुछ यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन कई लोग आग और धुएं में फंस गए। घायलों को जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के असल कारणों का पता लगा रही है।
इनपुट: IANS



