सोना-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट, चांदी 2 लाख रुपये के नीचे फिसली
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में दबाव और निवेशकों की बदली रणनीति के कारण शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस गिरावट के चलते घरेलू…
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में दबाव और निवेशकों की बदली रणनीति के कारण शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस गिरावट के चलते घरेलू वायदा बाजार में चांदी एक बार फिर 2 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे आ गई, वहीं सोने के दाम में भी बड़ी कमजोरी देखने को मिली।
शुक्रवार को हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी में सबसे ज्यादा उथल-पुथल रही। दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी अपने पिछले बंद भाव 1,99,599 रुपये से 3,012 रुपये गिरकर 1,96,587 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुली। दिन के कारोबार में तो यह एक समय 6,799 रुपये (3.40%) की भारी गिरावट के साथ 1,92,800 रुपये के निचले स्तर तक पहुंच गई। हालांकि, बाद में इसमें कुछ सुधार हुआ और यह 1.66% की गिरावट के साथ 1,96,276 रुपये पर कारोबार कर रही थी।
सोने की कीमतों पर भी दबाव
सोने की कीमतों पर भी वैश्विक संकेतों का असर साफ दिखा। MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 1,251 रुपये (0.87%) फिसलकर 1,42,058 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। इसका पिछला बंद भाव 1,43,309 रुपये था। दिन में एक समय यह 1,503 रुपये (1.04%) तक गिरकर 1,41,806 रुपये के स्तर पर भी पहुंच गया था। बाद में यह 629 रुपये की गिरावट के साथ 1,42,680 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
गिरावट के पीछे क्या हैं कारण?
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, इस गिरावट की कई वजहें हैं। वैश्विक शेयर बाजारों में बिकवाली, कच्चे तेल की कीमतों का 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बना रहना और महंगाई को काबू में करने के लिए ब्याज दरों के लंबे समय तक ऊंचे रहने की आशंका ने निवेशकों को सतर्क कर दिया है। ऊंची ब्याज दरें सोने और चांदी जैसी गैर-ब्याज वाली संपत्तियों के आकर्षण को कम कर देती हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स में भी सोना 0.65% गिरकर 4,034 डॉलर प्रति औंस पर और चांदी 1.30% की गिरावट के साथ 54.29 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे आए दाम
गौरतलब है कि इसी साल सोने ने MCX पर 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम का रिकॉर्ड स्तर छुआ था, जबकि चांदी 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के ऐतिहासिक शिखर पर पहुंची थी। मौजूदा कीमतों की तुलना में सोना अपने उच्चतम स्तर से काफी नीचे है, जबकि चांदी अपने रिकॉर्ड भाव से लगभग आधी कीमत पर मिल रही है। विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले समय में कीमतों की दिशा अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों, केंद्रीय बैंकों की नीतियों और वैश्विक भू-राजनीतिक हालात पर निर्भर करेगी।
इनपुट: IANS



