गाजियाबाद: पुलिस से मुठभेड़ में चेन स्नैचर आसिफ घायल, पैर में लगी गोली
गाजियाबाद के लोनी इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई एक मुठभेड़ में चेन स्नैचिंग का एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना तब हुई जब स्वाट टीम (ग्रामीण जोन) और…
गाजियाबाद के लोनी इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई एक मुठभेड़ में चेन स्नैचिंग का एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना तब हुई जब स्वाट टीम (ग्रामीण जोन) और लोनी थाना पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा।
पुलिस के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई निठोरा अंडरपास के पास की जा रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे हैं। पुलिस ने बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया, लेकिन वे बाइक मोड़कर भागने लगे।
कैसे हुई मुठभेड़?
पुलिस टीम ने जब पीछा किया तो बदमाशों की मोटरसाइकिल फिसल गई। इसके बाद एक बदमाश ने पुलिस पर तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान 35 वर्षीय मोहम्मद आसिफ के रूप में हुई है, जो मुस्तफाबाद लोनी के सुल्तान नगर का रहने वाला है। उसका फरार साथी दानिश बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
दुकान में घुसकर लूटी थी चेन
एसीपी रामकिशन राणा ने बताया कि इन आरोपियों ने 23 अगस्त को लोनी में एक दुकान में बैठी महिला के गले से चेन लूटी थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस इनकी तलाश कर रही थी। पूछताछ में आसिफ ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि लूटी गई चेन से उसके हिस्से में करीब 40,000 रुपए आए थे।
पुलिस ने आसिफ के पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल, 16,000 रुपए नकद और मुथूट फाइनेंस की एक पर्ची बरामद करने का दावा किया है।
इनपुट: IANS



