ग्रेटर नोएडा: ई-कॉमर्स पैकिंग में 55 लाख का गांजा, ऑनलाइन डिलीवरी करने वाले 3 तस्कर गिरफ्तार
गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और पार्सल सेवाओं के जरिए गांजा तस्करी करने वाले एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को…
गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और पार्सल सेवाओं के जरिए गांजा तस्करी करने वाले एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 55 किलो से ज्यादा गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई जा रही है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह सफलता स्वाट टीम और थाना बिसरख पुलिस की एक संयुक्त कार्रवाई में मिली। पुलिस को स्थानीय खुफिया तंत्र और बीट पुलिसिंग के जरिए इस नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर 9 नवंबर 2026 को गोल्डन ग्रांड रोड पर एक निर्माणाधीन इमारत के पास से तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया।
तस्करी का नया तरीका और आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि ये तस्कर ग्राहकों को धोखा देने और पुलिस से बचने के लिए एक खास तरीका अपनाते थे। वे ओडिशा और अन्य जगहों से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर लाते थे और फिर उसे अलग-अलग ई-कॉमर्स कंपनियों की पैकिंग में पैक कर देते थे। इससे किसी को शक नहीं होता था। आरोपियों की पहचान आलम खान (30), वसीम (26) और लक्ष्य राठौर (19) के रूप में हुई है। आलम गाजियाबाद के लोनी का, वसीम बागपत के रटोल गांव का और लक्ष्य गौतमबुद्ध नगर की चोटपुर कॉलोनी का रहने वाला है।
टेलीग्राम से बुकिंग, कार से डिलीवरी
पूछताछ के अनुसार, आरोपी ग्राहकों से टेलीग्राम ऐप के जरिए संपर्क करते थे और मांग के अनुसार सीधे उनके घर तक गांजे की डिलीवरी करते थे। इसके लिए वे एक हुंडई एसेंट कार का इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने इस कार के साथ-साथ तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनकी जांच से नेटवर्क के अन्य सदस्यों और ग्राहकों के बारे में और जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस ने कुल 55 किलो 124 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से वसीम का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ 2024 में हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। फिलहाल, तीनों के खिलाफ थाना बिसरख में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस इस नेटवर्क के पूरे विस्तार का पता लगाने में जुटी है।
इनपुट: IANS



