लखनऊ: गैंगस्टर एक्ट में कुर्क हुई अफ़ज़ाल अंसारी की डालीबाग कोठी परिवार को वापस मिली
समाजवादी पार्टी के सांसद अफ़ज़ाल अंसारी के परिवार को लखनऊ के पॉश इलाके डालीबाग में स्थित उनकी कोठी वापस मिल गई है। करीब दो साल पहले गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क की गई इस संपत्ति को बुधवार को अदालत के…
समाजवादी पार्टी के सांसद अफ़ज़ाल अंसारी के परिवार को लखनऊ के पॉश इलाके डालीबाग में स्थित उनकी कोठी वापस मिल गई है। करीब दो साल पहले गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क की गई इस संपत्ति को बुधवार को अदालत के आदेश पर प्रशासन ने अंसारी परिवार को सौंप दिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, नगर निगम और राजस्व विभाग की टीम ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मकान की सील खोली और कब्ज़ा सौंपा।
यह संपत्ति अक्टूबर 2022 में गाजीपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत यह आरोप लगाते हुए कुर्क कर ली थी कि इसे अपराध से अर्जित किया गया है। 6,700 वर्ग फुट में बनी यह कोठी अफ़ज़ाल अंसारी की पत्नी फरहत अंसारी के नाम पर दर्ज है।
अदालती लड़ाई के बाद मिली राहत
कुर्की की कार्रवाई को अदालत में चुनौती दी गई थी। गाजीपुर की विशेष गैंगस्टर अदालत ने इस साल अप्रैल में सुनवाई के बाद संपत्ति को गैंगस्टर गतिविधियों से अर्जित मानने से इनकार कर दिया था। अदालत ने गाजीपुर के जिलाधिकारी को 30 दिनों के भीतर संपत्ति की सील खोलकर उसे वापस करने का आदेश दिया था।
हालांकि, जब आदेश का पालन नहीं हुआ तो परिवार ने इलाहाबाद हाईकोर्ट का रुख किया। हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन ने बुधवार को यह कार्रवाई की। कब्ज़ा लेने पहुंचे अफ़ज़ाल अंसारी ने बताया कि उन्होंने यह ज़मीन 1998 में खरीदी थी और 2001 में मकान बनने के बाद से उनका परिवार यहां रह रहा था।
प्रशासन ने पूरी की प्रक्रिया
बुधवार को तहसीलदार और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने दस्तावेज़ी औपचारिकताएं पूरी कीं और सील खोलने का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद संपत्ति का वास्तविक कब्ज़ा परिवार को सौंप दिया गया। नगर निगम ने बुलडोजर की मदद से घर के रास्ते पर मौजूद कूड़े को भी हटाया, ताकि परिवार आसानी से अंदर जा सके।
इनपुट: IANS



