प्रयागराज: संगम पर बड़े हनुमान मंदिर में गंगा का प्रवेश, बजरंगबली का हुआ 'प्राकृतिक जलाभिषेक'
प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों में उफान के कारण संगम तट पर स्थित प्रसिद्ध बड़े हनुमान मंदिर के गर्भगृह तक पानी पहुंच गया है। इस घटना को श्रद्धालु भगवान हनुमान का मां गंगा द्वारा किया गया…
प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों में उफान के कारण संगम तट पर स्थित प्रसिद्ध बड़े हनुमान मंदिर के गर्भगृह तक पानी पहुंच गया है। इस घटना को श्रद्धालु भगवान हनुमान का मां गंगा द्वारा किया गया 'प्राकृतिक जलाभिषेक' मान रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, जलस्तर बढ़ने के बाद मंदिर के कपाट फिलहाल श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए गए हैं।
मंदिर में गंगा का पानी पहुंचने का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सीढ़ियों से पानी गर्भगृह की ओर बहता दिख रहा है। हालांकि, गर्भगृह में पानी होने के बावजूद पुजारियों ने पूजा-अर्चना जारी रखी। मंदिर के बाहर स्थित छोटे हनुमान मंदिर में दर्शन और पूजा सामान्य रूप से चल रही है।
जलस्तर क्यों बढ़ रहा है?
गंगा के जलस्तर में यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से नेपाल और अन्य हिमालयी क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश के कारण हो रही है। इसका प्रभाव उत्तर प्रदेश और बिहार के गंगा किनारे बसे कई शहरों पर दिख रहा है। प्रयागराज के अलावा वाराणसी, बक्सर, पटना और मुंगेर में भी गंगा का पानी खतरे के निशान के करीब बह रहा है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
श्रद्धालुओं में आस्था और उत्साह
इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए संगम क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट रही है। दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने इसे बेहद आस्था से जुड़ा पल बताया। उनका कहना है कि हर साल जब गंगा का जलस्तर बढ़ता है, तो मां गंगा स्वयं लेटे हुए हनुमान जी को स्नान कराने आती हैं। जब तक गर्भगृह में पानी रहेगा, तब तक भक्त बजरंगबली के प्रत्यक्ष दर्शन नहीं कर पाएंगे।
इनपुट: IANS



