पेरिस: चाकू से लैस हमलावर ने तीन महिलाओं को बनाया निशाना, दो की हालत गंभीर
फ्रांस की राजधानी पेरिस में सोमवार को एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर तीन महिलाओं को घायल कर दिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 11:30 बजे शहर के उत्तरी…
फ्रांस की राजधानी पेरिस में सोमवार को एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर तीन महिलाओं को घायल कर दिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 11:30 बजे शहर के उत्तरी हिस्से पोर्टे डी क्लिशी इलाके में हुई। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद एक ऑफ-ड्यूटी पुलिस अधिकारी ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया।
फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने इस हमले की जानकारी देते हुए बताया कि घायल महिलाओं की उम्र 19, 24 और 36 वर्ष है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, हालांकि डॉक्टरों के अनुसार उनकी जान को कोई खतरा नहीं है। एक महिला को पीठ के निचले हिस्से में और दूसरी को पेट में चाकू लगा है।
जांच जारी, मकसद अज्ञात
अधिकारियों के अनुसार, हमलावर की पहचान और उसके हमले का मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। गृह मंत्री नुनेज ने बताया कि आरोपी पूछताछ के दौरान बहकी-बहकी बातें कर रहा है। उन्होंने लोगों से इस मामले में किसी भी तरह का निष्कर्ष निकालने में जल्दबाजी न करने की अपील की है। फ्रांस के एंटी-टेररिज्म प्रॉसिक्यूटर कार्यालय ने कहा है कि वह पेरिस प्रॉसिक्यूटर ऑफिस की कार्यवाही पर नजर बनाए हुए है।
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर हमलावर को दिखाया गया है। वीडियो में सफेद कपड़े पहने और बिखरे बालों वाला एक व्यक्ति दोनों हाथों में चाकू लेकर सड़क पार करता दिख रहा है। एक अन्य क्लिप में उसे सड़क पर गिरा हुआ देखा जा सकता है।
यह हमला जर्मनी के बर्लिन में शनिवार को हुई एक हिंसक घटना के बाद हुआ है, जहाँ एक 21 वर्षीय व्यक्ति ने एक प्राइड परेड में मिनीवैन घुसा दी थी। उस घटना में एक महिला की मौत हो गई थी और 29 अन्य लोग घायल हो गए थे।
इनपुट: IANS



