फर्ज़ी PMO आईडी कार्ड: मुंबई के कारोबारी का बेटा और उसका गार्ड न्यायिक हिरासत में, जमानत पर फैसला 17 को
मुंबई के प्रतिष्ठित जियो वर्ल्ड प्लाज़ा में प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का फर्जी पहचान पत्र दिखाकर घुसने की कोशिश करने वाले दोनों आरोपियों को एक स्थानीय अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस…
मुंबई के प्रतिष्ठित जियो वर्ल्ड प्लाज़ा में प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का फर्जी पहचान पत्र दिखाकर घुसने की कोशिश करने वाले दोनों आरोपियों को एक स्थानीय अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद मुख्य आरोपी रोहन पारिख (24) और उसके सुरक्षा गार्ड दिलीप कुंडे (49) को कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों ने तुरंत जमानत के लिए याचिका दायर की, जिस पर अब 17 सितंबर को सुनवाई होगी।
यह हाई-प्रोफाइल मामला सोमवार रात का है, जब खार के एक बड़े व्यवसायी प्रेमल पारिख का बेटा रोहन, जियो वर्ल्ड प्लाज़ा में एक कार्यक्रम में शामिल होने की कोशिश कर रहा था। उसके साथ उसका बॉडीगार्ड दिलीप कुंडे भी था, जो उसे वीआईपी ट्रीटमेंट दिलाने में मदद कर रहा था। रोहन ने खुद को पीएमओ का अधिकारी बताते हुए एक आईडी कार्ड दिखाया, लेकिन सुरक्षाकर्मियों को शक होने पर जब कार्ड की जांच की गई, तो वह नकली पाया गया। इसके बाद दोनों को तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जांच और अदालती कार्यवाही
शुरुआती गिरफ्तारी के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे मुंबई क्राइम ब्रांच की सीआईयू यूनिट को सौंप दिया गया था। क्राइम ब्रांच ने गहन पूछताछ की आवश्यकता बताते हुए अदालत से आरोपियों की चार दिन की हिरासत मांगी थी। अदालत ने यह मांग स्वीकार करते हुए दोनों को 11 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया था। जांच एजेंसी को शक है कि इस फर्जीवाड़े के पीछे कोई बड़ा रैकेट हो सकता है।
बुधवार को पुलिस हिरासत खत्म होने पर जब आरोपियों को दोबारा अदालत में पेश किया गया, तो उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया। इस दौरान रोहन पारिख का पूरा परिवार भी कोर्ट में मौजूद था। क्राइम ब्रांच अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि यह फर्जी आईडी कार्ड कहाँ से बनवाया गया, इसका मकसद क्या था और क्या इसका इस्तेमाल पहले भी कहीं किया गया है। आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की भी जांच जारी है।
इनपुट: IANS



