गुरूवार, 3 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश

बाढ़ पीड़ितों को राहत, मथुरा को विकास की सौगात: सीएम योगी का फर्रुखाबाद और मथुरा दौरा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को राज्य के दो अहम जिलों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरे का एक हिस्सा बाढ़ प्रभावितों को राहत देना है, तो दूसरा हिस्सा विकास परियोजनाओं को गति प्रदान…

बाढ़ पीड़ितों को राहत, मथुरा को विकास की सौगात: सीएम योगी का फर्रुखाबाद और मथुरा दौरा
(फोटो: IANS)

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को राज्य के दो अहम जिलों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरे का एक हिस्सा बाढ़ प्रभावितों को राहत देना है, तो दूसरा हिस्सा विकास परियोजनाओं को गति प्रदान करना है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, सीएम योगी फर्रुखाबाद में बाढ़ पीड़ितों से मिलेंगे और मथुरा में सैकड़ों करोड़ की योजनाओं का शुभारंभ करेंगे।

विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपने दौरे की जानकारी देते हुए लिखा, "आज फर्रुखाबाद में आपदा से प्रभावित परिवारों के जीवन में संबल और मथुरा में विकास व जनकल्याण को नई गति देने वाले कार्यक्रमों में सहभागिता करूंगा।" उन्होंने यह भी कहा कि जनकल्याण की यह यात्रा 'विकसित उत्तर प्रदेश' के संकल्प को साकार कर रही है।

फर्रुखाबाद: बाढ़ प्रभावितों को मिलेगी मदद

मुख्यमंत्री के दौरे का पहला पड़ाव फर्रुखाबाद है, जहां वे बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। उनका हेलीकॉप्टर फतेहगढ़ स्थित पुलिस लाइन परेड ग्राउंड पर उतरेगा, जिसके बाद वे पुलिस लाइन में बने बाढ़ राहत शिविर पहुँचेंगे। वहां वे प्रभावित लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानेंगे।

अपने पोस्ट में सीएम योगी ने बताया, "फर्रुखाबाद में बाढ़ प्रभावित 1,000 परिवारों को राहत सामग्री और आश्रयहीन हुए परिवारों को आवास के लिए भूमि आवंटन प्रमाण-पत्र व आपदा मोचक निधि से राहत राशि का वितरण होगा। संकट की प्रत्येक घड़ी में प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।"

मथुरा: 1051 करोड़ की विकास परियोजनाएं

फर्रुखाबाद के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा जाएंगे, जहाँ वे 1,051 करोड़ रुपए की कुल 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें स्वामी श्री हरिदास प्रेक्षागृह भी शामिल है।

इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 7,240 लाभार्थियों को सहायता राशि दी जाएगी। साथ ही, विभिन्न अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, ट्रैक्टर की चाबी और चेक भी वितरित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम साधु-संतों की उपस्थिति में आयोजित होगा।

इनपुट: IANS

N

News4Social उत्तर प्रदेश डेस्क

News4Social उत्तर प्रदेश डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से उत्तर प्रदेश से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →