फरीदाबाद: पार्किंग को लेकर हुए झगड़े में व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, आरोपी परिवार समेत फरार
हरियाणा के फरीदाबाद में धनतेरस की रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब पार्किंग को लेकर हुई बहस के बाद एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान परमजीत धनखड़ के रूप में हुई है…
हरियाणा के फरीदाबाद में धनतेरस की रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब पार्किंग को लेकर हुई बहस के बाद एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान परमजीत धनखड़ के रूप में हुई है, जो हाल ही में सिंगापुर से अपने परिवार के पास लौटे थे। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी अपने परिवार के साथ मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं।
मूल रूप से हिसार के रहने वाले परमजीत धनखड़ सेक्टर-21सी के एक मकान की पहली मंजिल पर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहते थे। वह एक बड़ी राष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत थे और दो दिन पहले ही सिंगापुर से लौटे थे। उनके घर में 24 नवंबर को होने वाली भांजे की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
विवाद की वजह और घटनाक्रम
रिपोर्ट के मुताबिक, घटना वाली रात करीब आठ बजे जब परमजीत जिम से घर लौटे, तो गाड़ी खड़ी करने को लेकर उनकी तीसरी मंजिल पर रहने वाले पड़ोसी मोहन उर्फ मोनू शर्मा से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ा कि मोनू ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से परमजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। फायरिंग की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई और गंभीर रूप से घायल परमजीत की मौत हो गई।
पहले से था तनाव
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच पहले से ही तनाव चल रहा था और कई बार विवाद हो चुका था। करीब पांच दिन पहले भी आरोपी ने मृतक के बेटे सूर्य के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की थी और गेट तोड़ने का भी आरोप लगा था। बताया जा रहा है कि आरोपी मोहन फाइनेंस का काम करता है।
पुलिस की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल से 15 से 16 राउंड फायरिंग के खाली कारतूस बरामद किए हैं। सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद कुमार ने बताया कि मृतक को कई गोलियां लगी थीं। उन्होंने पुष्टि की कि दोनों पड़ोसियों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस आरोपी मोहन शर्मा की तलाश में विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
इनपुट: IANS



